Bihar News : हिसुआ में कॉलेज विवाद को लेकर हुई हत्या मामले ने पकड़ा तूल, रणवीर सेना के बैनर तले जुटी महापंचायत, जातीय रंग देने पर बिफरा भूमिहार समाज
Bihar News : नवादा में कॉलेज विवाद के दौरान हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी और युवक प्रणव कुमार उर्फ पीयूष की हत्या का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है।
NAWADA : नवादा के हिसुआ थाना क्षेत्र के चंद्रवंशी नगर में कॉलेज विवाद को लेकर गोलीबारी हुई थी। इसमें एक युवक की मौत हो गई थी, जबकि दूसरे पक्ष के दो युवक घायल हुए थे। इस मामले को जातीय रंग दिए जाने के विरोध में शुक्रवार को हिसुआ इंटर विद्यालय में भूमिहार समाज का बड़ा जमावड़ा हुआ।रणवीर सेना के बैनर तले हुए इस कार्यक्रम में छात्र, युवा और बुद्धिजीवी लोग शामिल हुए।
रणवीर सेना के संस्थापक दिवंगत ब्रह्मेश्वर मुखिया के नाती मोनू सिंह, समाजसेवी पुष्कर नारायण सिंह और राणा दीपू सिंह ने सभा का आह्वान किया था। वक्ताओं ने घटना को दुखद बताया और इसकी निंदा की। उन्होंने कहा कि किसी भी घटना को जातीय विवाद का रूप देकर पूरे समाज को निशाना बनाना ठीक नहीं है। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि भूमिहार समाज को बदनाम करने या टारगेट करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभा में वक्ताओं ने पुलिस जांच से पहले ही मामले में नतीजे निकालने और राजनीतिक बयानबाजी पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि गोलीबारी में दोनों पक्षों की भूमिका की जांच निष्पक्ष तरीके से होनी चाहिए। समाज के लोगों ने पुलिस और कानून व्यवस्था के प्रति सम्मान जताया। उन्होंने कहा कि वे कानून और पुलिस के फैसले का स्वागत करते हैं, लेकिन कार्रवाई किसी एक पक्ष तक सीमित नहीं होनी चाहिए।वक्ताओं ने दावा किया कि घायल पक्ष की ओर से पुलिस को आवेदन दिए जाने के बावजूद 48 घंटे बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने पुलिस से बिना किसी दबाव के दोनों पक्षों के तथ्यों की जांच करने और सही न्याय दिलाने की मांग की। कार्यक्रम के आखिर में रणवीर सेना का काफिला पैदल मार्च करते हुए आगे बढ़ा। यह काफिला घायल अखिलेश के प्रोफेसर कॉलोनी स्थित घर और चंदन के पैतृक गांव बगोदर पहुंचा। वहां पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया गया। पिछले मंगलवार को प्रणव कुमार उर्फ पीयूष की गोली मारकर हत्या की मुकदमा दर्ज हुई है। लेकिन अब सियासी राजनीतिक होना शुरू हो गया। हिसुआ की धरती एक बार फिर से रण क्षेत्र में तब्दील हो चुका है। 13 मुकदमा दर्ज हुई है दो की गिरफ्तारी हुई है।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट