नवादा पुलिस की बड़ी कार्रवाई : तीन साइबर अपराधियों को दबोचा, लोन दिलाने के नाम पर लोगों को बनाते थे शिकार

नवादा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने जिले के वारसलीगंज थाना क्षेत्र से तीन शातिर साइबर अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। ये अपराधी लोगों को लोन दिलाने के नाम अपना शिकार बनाते थे.....

नवादा पुलिस की बड़ी कार्रवाई : तीन साइबर अपराधियों को दबोचा,
तीन साइबर अपराधी गिरफ्तार - फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिले के वारसलीगंज थाना क्षेत्र से पुलिस ने तीन शातिर साइबर अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह पूरी कार्रवाई नवादा के पुलिस अधीक्षक (SP) अभिनव धीमान और वारसलीगंज थाना प्रभारी पंकज कुमार सैनी के कुशल दिशा-निर्देश और देखरेख में पूरी की गई।


चंडीगढ़ पुलिस के इनपुट पर बनी विशेष टीम

दरअसल, चंडीगढ़ साइबर थाना पुलिस कांड संख्या 70/26 के फरार और संदिग्ध अभियुक्तों की तलाश में तकनीकी साक्ष्य के आधार पर नवादा पहुंची थी। इस इनपुट के बाद एसपी नवादा के निर्देश पर वारसलीगंज थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया, जिसमें स्थानीय पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


चैनपुरा गांव के पास छापेमारी में मिली सफलता

पुलिस टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर ग्राम चैनपुरा के पास घेराबंदी कर छापेमारी की। हालांकि, इस छापेमारी के दौरान चंडीगढ़ पुलिस के केस से जुड़ा कोई सीधा सूत्र तो हाथ नहीं लगा, लेकिन पुलिस टीम ने मौके से ठगी की योजना बना रहे तीन अन्य शातिर साइबर अपराधियों को दबोच लिया। इनके पास से कुल 6 एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।


लोन दिलाने के नाम पर करते थे ठगी

गिरफ्तार अपराधियों ने पूछताछ में अपने काले कारनामों का खुलासा किया है। अपराधियों ने कुबूल किया कि वे मुद्रा फाइनेंस, बजाज फाइनेंस और अन्य प्रतिष्ठित कंपनियों के नाम पर लोगों को विभिन्न प्रकार के लोन दिलाने का झांसा देते थे। ये अपराधी कहीं से ग्राहकों के मोबाइल नंबर, नाम और पते का डेटा हासिल करते थे और फिर फोन कर फाइल चार्ज व अन्य शुल्कों के नाम पर मोटी रकम ठग लेते थे।


आरोपियों की हुई पहचान, भेजे गए जेल

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अंकित कुमार (23 वर्ष, जवाहर पार्क), सत्यवीर कुमार (25 वर्ष, चैनपुरा) और सन्नी कुमार (28 वर्ष, चैनपुरा) के रूप में हुई है, जो सभी वारसलीगंज थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। इस गिरोह के खिलाफ वारसलीगंज थाने में कांड संख्या 457/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पुलिस इनके अन्य साथियों का पता लगाने में जुटी है।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट