नवादा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हत्या के प्रयास का आरोपी 31 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार

नवादा पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है।पुलिस ने हत्या के प्रयास मामले मे फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। वही पुलिस ने उसके पास से ब्राउन शुगर भी बरामद किया है.....

नवादा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हत्या के प्रयास का आरोपी 3
हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले की नारदीगंज थाना पुलिस को नशा कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने हत्या के प्रयास मामले में नामजद एक शातिर आरोपी को धर-दबोचा है। गिरफ्तारी के वक्त जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से 31 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई। बरामद नशीले पदार्थ को जब्त करते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम के तहत एक नया मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


गुप्त सूचना पर पड़रिया गांव में छापेमारी

यह पूरी कार्रवाई नवादा के पुलिस अधीक्षक (SP) अभिनव धीमान के दिशा-निर्देश पर की गई। एसपी के आदेश के बाद नारदीगंज थाना प्रभारी राजेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी अपने गांव में मौजूद है। इसी सूचना के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पड़रिया गांव में छापेमारी की और नारदीगंज थाना कांड संख्या 255/26 के प्राथमिक अभियुक्त सुनील कुमार यादव (पिता- स्वर्गीय सुरेश प्रसाद) को गिरफ्तार कर लिया।


नशा तस्करी के नेटवर्क की खंगाली जा रही कुंडली

थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी सुनील कुमार यादव की गिरफ्तारी के बाद जब उसकी सघन तलाशी ली गई, तो उसके पास से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर की पुड़िया मिलीं। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया और थाने लाकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि वह इस नशीले पदार्थ की खरीद-बिक्री किस नेटवर्क के जरिए कर रहा था, इसे कहाँ से लाया जा रहा था और इस अवैध धंधे में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं।


दागी पंजी में दर्ज है आरोपी का नाम

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त सुनील कुमार यादव का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले से ही हत्या के प्रयास सहित कई अन्य गंभीर आपराधिक मामलों में नामजद अभियुक्त है। उसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए उसके खिलाफ सीसीए-12 (CCA-12) के तहत प्रस्ताव भी जिला प्रशासन को भेजा जा चुका है और पुलिस की दागी पंजी (क्रिमिनल रिकॉर्ड रजिस्टर) में उसका नाम पहले से दर्ज है। अब पुलिस उसके पूरे आपराधिक सिंडिकेट को ध्वस्त करने में जुट गई है।


नशा तस्करों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

नारदीगंज पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई को क्षेत्र में पनप रहे नशे के काले कारोबार पर एक बड़ा प्रहार माना जा रहा है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जिले के युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेलने वाले और नशा तस्करी को बढ़ावा देने वाले अपराधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि किसी भी सूरत में ऐसे समाज विरोधी तत्वों और नशीले पदार्थों के सौदागरों को बख्शा नहीं जाएगा।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट