पुलिस का नशे के खिलाफ बड़ा एक्शन: 2 किलो गांजे के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार, दोस्त की हत्या के बाद कसा शिकंजा
अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में नवादा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारिसलीगंज थाना पुलिस ने छापेमारी कर 2 किलो 40 ग्राम गांजा बरामद करने के साथ ही एक महिला तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है...
Nawada : जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारिसलीगंज थाना पुलिस ने छापेमारी कर 2 किलो 40 ग्राम गांजा बरामद करने के साथ ही एक महिला तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस की यह सख्त कार्रवाई रविवार को नरहट थाना क्षेत्र में गांजे के विवाद में हुई एक युवक की हत्या के बाद सामने आई है।
गांजे की लत से बढ़ रहा अपराध, दोस्त ने ही ली थी दोस्त की जान
जिले में युवाओं के बीच तेजी से बढ़ती गांजे की लत अब गंभीर अपराधों का कारण बन रही है। हाल ही में नरहट थाना क्षेत्र में गांजा पीने के दौरान हुए मामूली विवाद में एक युवक ने अपने ही दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी थी। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जिला पुलिस कप्तान के निर्देश पर अवैध गांजा तस्करों और विक्रेताओं के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया गया है।
गुप्त सूचना पर लालपुरा गांव में रेड, 2 किलो से अधिक गांजा बरामद
इसी कड़ी में वारिसलीगंज थाना पुलिस को सूचना मिली कि लालपुरा गांव में धड़ल्ले से अवैध गांजे की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पंकज कुमार सैनी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने लालपुरा स्थित अरविंद प्रसाद के मकान पर अचानक छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर से 2 किलोग्राम 40 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
महिला तस्कर सुलेखा देवी गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने मौके से गांजा तस्करी के आरोप में गृहस्वामी अरविंद प्रसाद की पत्नी सुलेखा देवी (50 वर्ष, निवासी लालपुरा, थाना वारिसलीगंज) को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में वारिसलीगंज थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत कांड संख्या 524/26 दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।
नेटवर्क को खंगालने में जुटी पुलिस, जारी रहेगा अभियान
वारिसलीगंज पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला से पूछताछ के आधार पर इस काले कारोबार से जुड़े अन्य मुख्य तस्करों और नेटवर्क के तारों को खंगाला जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा कारोबारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट