जदयू प्रदेश महासचिव के घर भीषण चोरी, 10 लाख के जेवरात और 1 लाख नकद ले उड़े चोर

नवादा जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां चोरो ने जदयू के प्रदेश महासचिव के घर भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरो ने बंद घर का ताला तोड़कर तकरीबन 10 लाख के जेवरात और 1 लाख रुपये नगद उड़ा डाले है.....

जदयू प्रदेश महासचिव के घर भीषण चोरी, 10 लाख के जेवरात और 1 ल
जदयू प्रदेश महासचिव के घर भीषण चोरी- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आदर्श कॉलोनी पटेल नगर में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की प्रदेश महासचिव किरण वर्मा के बंद मकान को चोरों ने अपना निशाना बनाया। बेखौफ अपराधियों ने घर का ताला तोड़कर 10 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और एक लाख रुपये नकद समेत कई अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। इस बड़ी चोरी की घटना का खुलासा रविवार को उस समय हुआ, जब किरण वर्मा करीब पांच दिनों के बाद पटना से वापस अपने घर लौटीं।


पति का इलाज कराने पटना गई थीं किरण वर्मा, घर में फैला मिला सामान 

जानकारी के अनुसार, जदयू प्रदेश महासचिव किरण वर्मा अपने पति उमेश वर्मा का इलाज कराने के लिए गत 15 सितंबर को पटना गई हुई थीं। इस दौरान उनका नवादा स्थित मकान पूरी तरह से बंद था। रविवार को जब वह वापस घर पहुंचीं, तो मुख्य दरवाजों के ताले टूटे मिले और अंदर सभी कमरों में सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। चोरों ने कमरों में रखी गोदरेज, अलमारियां, बक्से और ट्रॉलियों के ताले तोड़कर उसमें रखे सभी कीमती आभूषण और नकद राशि उड़ा ली थी।


सीसीटीवी की तार काटकर वारदात को अंजाम, इलाके में सनसनी 

घटना की संवेदनशीलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शातिर चोरों ने घर में प्रवेश करने से पहले ही सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के तारों को काट दिया था। इस कारण पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद नहीं हो सकी। बंद घर में हुई इतनी बड़ी चोरी की घटना से आसपास के पटेल नगर इलाके के निवासियों में भी काफी दहशत और हैरानी का माहौल है। आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने घटना को अंजाम देने से पहले घर की पूरी तरह से रेकी की थी।


थाना प्रभारी ने किया निरीक्षण, एफएसएल और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया 

चोरी की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की। थाना प्रभारी उमाशंकर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घर के अलग-अलग कमरों, छतों और प्रवेश द्वारों का गहन निरीक्षण किया। पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम और चोरों की पहचान के लिए डॉग स्क्वायड की मदद लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


सघन जांच अभियान शुरू, पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का दिया आश्वासन 

पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे अन्य सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ संदिग्ध लोगों की आवाजाही और गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि जिस तरह से योजनाबद्ध तरीके से सीसीटीवी के तार काटे गए हैं, उससे स्पष्ट है कि घटना में पेशेवर गिरोह का हाथ है। पुलिस विभिन्न तकनीकी और स्थानीय इनपुट्स के आधार पर तेजी से तफ्तीश कर रही है और दावा किया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट