Nawada Fire: नवादा में भीषण अग्निकांड, कपड़ा दुकान से उठीं आग की लपटें, कई दुकानें चपेट में, बाजार में मची अफरा-तफरी

Nawada Fire: एक कपड़ा दुकान में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया...

Massive Fire Engulfs Cloth Shop Spreads Across Nawada Market
नवादा में भीषण अग्निकांड- फोटो : reporter

Nawada Fire: नवादा जिले के कादिरगंज बाजार में गुरुवार की सुबह सुबह  को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक कपड़ा दुकान में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और उसकी लपटें आसपास की कई दुकानों तक फैल गईं। चंद मिनटों में पूरे बाजार में अफरा-तफरी, चीख-पुकार और भगदड़ जैसे हालात बन गए। स्थानीय दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों से सामान बचाने में जुट गए, जबकि लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

जानकारी के अनुसार, आग सुरेश कुमार की कपड़ा दुकान में लगी। प्रारंभिक आशंका है कि हादसा शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ, हालांकि आग लगने की असली वजह का खुलासा जांच के बाद ही होगा। कपड़ों जैसे ज्वलनशील सामान की वजह से आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते अगल-बगल की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

घनी आबादी वाले बाजार में आग की चिंगारियां पास स्थित जेवर दुकान और अन्य प्रतिष्ठानों तक पहुंच गईं, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि हालात जल्द ही बेकाबू हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए युद्धस्तर पर अभियान शुरू किया। दमकलकर्मी लगातार आग को फैलने से रोकने में जुटे रहे, ताकि आसपास की अन्य दुकानों और रिहायशी इलाकों को सुरक्षित रखा जा सके।

फिलहाल इस अग्निकांड में बड़े पैमाने पर आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन नुकसान का आकलन करने में जुटा है, जबकि आग लगने के वास्तविक कारणों की भी जांच की जा रही है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है। पुलिस और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं और हालात को पूरी तरह सामान्य करने की कोशिश जारी है।

रिपोर्ट- अमन कुमार