NEET में बिहार का परचम, नवादा के आयुष भालोटिया बने देश के चौथे टॉपर, बधाइयों का लगा तांता
NEET UG 2026: बिहार के नवादा जिले के रहने वाले सुनील कुमार भालोटिया के बेटे आयुष भालोटिया ने देश की सबसे कठिन मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG में ऑल इंडिया चौथा रैंक हासिल कर पूरे बिहार का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।
NEET UG 2026: बिहार के नवादा जिले के लिए आज फख्र और खुशी का बड़ा लम्हा है। वारिसलीगंज के रहने वाले सुनील कुमार भालोटिया के बेटे आयुष भालोटिया ने देश की सबसे कठिन मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG में ऑल इंडिया चौथा रैंक हासिल कर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे बिहार का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। आयुष की इस शानदार कामयाबी ने यह साबित कर दिया कि हौसले बुलंद हों तो छोटे शहरों की सरज़मीं से भी बड़े मुकाम हासिल किए जा सकते हैं।
जैसे ही NEET-UG का परिणाम घोषित हुआ, भालोटिया परिवार में जश्न-ओ-खुशी का माहौल बन गया। घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। रिश्तेदार, दोस्त और शुभचिंतक लगातार पहुंचकर आयुष और उसके परिवार को मुबारकबाद दे रहे हैं। घर में मिठाइयां बांटी जा रही हैं और हर चेहरे पर कामयाबी की मुस्कान साफ दिखाई दे रही है।
आयुष भालोटिया ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा से लेकर मैट्रिक और इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई वारिसलीगंज के ही एक निजी विद्यालय से पूरी की। सीमित संसाधनों के बावजूद उसने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और बेहतरीन तैयारी के दम पर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। उसकी सफलता उन लाखों विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बन गई है, जो बड़े सपने लेकर कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।
आयुष की इस उपलब्धि से पूरे नवादा जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सफलता सिर्फ एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे जिले के लिए इज़्ज़त और गौरव की बात है। लोगों का मानना है कि आयुष ने यह संदेश दिया है कि मंज़िल तक पहुंचने के लिए बड़े शहर नहीं, बल्कि मजबूत इरादे, मेहनत और जज़्बा सबसे बड़ी ताकत होते हैं। अब हर कोई इस होनहार छात्र की कामयाबी पर गर्व महसूस कर रहा है और उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए दुआएं दे रहा है।
रिपोर्ट- अमन कुमार