नवादा पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह के दो सदस्यों को किया गिरफ्तार, लाखों की नकदी और मोबाइल बरामद
नवादा जिले के वारसलीगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। वहीं इनके पास से पुलिस चोरी के लाखों रुपये नकद और मोबाइल बरामद किया है....
Nawada : जिले के वारसलीगंज थाना प्रभारी पंकज कुमार सैनी के नेतृत्व में पुलिस ने चोरी की एक बड़ी घटना का सफल उद्भेदन किया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को रंगे हाथ दबोचा है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने चोरी की गई भारी मात्रा में नकदी और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। इस पूरे मामले का खुलासा बुधवार को पुलिस द्वारा किया गया।
पीड़ित पवन कुमार की शिकायत पर दर्ज हुआ था मामला
यह पूरा मामला वारसलीगंज थाना क्षेत्र के राजापुर निवासी आवेदक पवन कुमार (पिता स्वर्गीय सरयू सिंह) के आवेदन पर आधारित है। पीड़ित पवन कुमार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि बीते 31 मई 2026 की रात को अज्ञात चोरों ने उनके घर में घुसकर लाखों की नकदी और कीमती जेवरात उड़ा लिए थे। इस लिखित शिकायत के आधार पर वारसलीगंज पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी।
एसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम ने रंगे हाथ दबोचा
चोरी की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए नवादा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिनव धीमान के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम में वारसलीगंज थाना के पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। विशेष टीम ने गुप्त सूचना और त्वरित कार्रवाई के आधार पर ग्राम दौलतपुर में एक घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए एक शातिर चोर को मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुले कई राज, नालंदा से दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार
पकड़े गए चोर ने कड़ाई से की गई पूछताछ में कांड संख्या 382/26 में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसने पुलिस के सामने अपने अन्य सहयोगियों के नाम और पतों का खुलासा किया, साथ ही नालंदा, वारसलीगंज और अन्य जिलों में की गई चोरी की कई घटनाओं को कबूला। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी कर गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों के पास से कुल 39 हजार 900 रुपये नकद और एक मोबाइल बरामद हुआ है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का लंबा आपराधिक इतिहास, अन्य की तलाश जारी
पुलिस गिरफ्त में आए अपराधियों की पहचान राजू कुमार (निवासी खासगंज/बकरा, जिला नालंदा) और आकाश कुमार (निवासी मामु भगीना पहारी/घान शेरपुर, जिला नालंदा) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इन दोनों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, जिसमें वर्ष 2022 में लहेरी थाना, दीपनगर थाना कांड संख्या 309/26, सोहसराय थाना और वारिसलीगंज थाना कांड संख्या 469/26 शामिल हैं। पुलिस इस अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट