नवादा पुलिस ने लोन ठगी गिरोह का किया भंडाफोड़, 3 साइबर अपराधी किया गिरफ्तार

Bihar News : नवादा पुलिस ने जिले में अपराधी प्रधानमंत्री मुद्रा योजना और अन्य कंपनियों के नाम पर लोन देने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने तीन साइबर ठगों को गिफ्तार किया है...

नवादा पुलिस ने लोन ठगी गिरोह का किया भंडाफोड़, 3 साइबर अपराध
3 साइबर अपराधी गिरफ्तार- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले में साइबर अपराध के खिलाफ वारसलीगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना प्रभारी पंकज कुमार सैनी को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। आज गुरुवार को वारसलीगंज थाना क्षेत्र से तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। ये अपराधी प्रधानमंत्री मुद्रा योजना और अन्य कंपनियों के नाम पर लोन देने का झांसा देकर लोगों से ठगी करते थे। पुलिस ने इनके पास से तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और दो पन्नों का ग्राहक डेटा भी बरामद किया है।


डीएसपी राकेश कुमार भास्कर ने वारसलीगंज थाना में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नवादा पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देश में एक टीम का गठन किया गया था। इस टीम में वारसलीगंज थाना के पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे।


उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने ग्राम बल्लोपुर स्थित मुड़ीकटवा मोड़ से दक्षिण सरकारी पाईन बैर के पेड़ के पास छापेमारी की। इस दौरान तीन साइबर अपराधियों को मौके से पकड़ा गया।


गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वे ग्राहकों के मोबाइल नंबर, नाम और पते सहित विस्तृत जानकारी वाले कस्टमर डेटा का उपयोग करते थे। इस डेटा में अंकित मोबाइल नंबरों पर संपर्क कर वे लोगों को लोन दिलाने का लालच देते और फिर उनसे ठगी करते थे।


गिरफ्तार किए गए अपराधियों की पहचान दौलतपुर निवासी सत्येन्द्र कुमार (30 वर्ष), बल्लोपुर निवासी विकास कुमार (18 वर्ष) और एक नाबालिग के रूप में हुई है। वारसलीगंज थाना में कांड संख्या 277/26, दिनांक 22.04.26 को भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


बरामद सामानों में तीन एंड्रॉयड मोबाइल और दो पन्नों का कस्टमर डेटा शामिल है। छापेमारी दल में थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी प्रमुख रूप से शामिल थे।

अमन सिन्हा की रिपोर्ट