नवादा पुलिस की बड़ी सफलता: 4 साल बाद ट्रक लूट कांड का छठा आरोपी गिरफ्तार

Bihar News : वर्ष 2022 में नवादा जिले में सरिया से लदे ट्रक को लूट लिया गया था। इस मामले में 5 लूटेरों को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। वहीं 4 साल बाद पुलिस ने 6ठें अपराधी को धर दबोचा है....

नवादा पुलिस की बड़ी सफलता: 4 साल बाद ट्रक लूट कांड का छठा आर

Nawada : जिले की पुलिस ने करीब चार साल पुराने एक सनसनीखेज ट्रक लूट मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देश पर नगर थाना प्रभारी उमाशंकर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले के एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान झारखंड के कोडरमा निवासी सूरज कुमार के रूप में हुई है। पुलिस की इस मुस्तैदी ने यह साफ कर दिया है कि अपराधी चाहे कितने भी दिनों तक फरार रहे, कानून के हाथ उन तक पहुँच ही जाते हैं।


हथियार के बल पर हुई थी छड़ लदे ट्रक की लूट 

यह मामला 17 जुलाई 2022 की रात का है, जब बोकारो से पटना सरिया (छड़) लेकर जा रहे एक ट्रक को अपराधियों ने अपना निशाना बनाया था। रात के करीब 12:15 बजे बुधौल के पास अज्ञात अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर ट्रक चालक को बंधक बना लिया और छड़ समेत ट्रक लूटकर फरार हो गए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने नगर थाना में कांड संख्या 775/22 दर्ज कर जांच शुरू की थी, जिसमें डकैती और लूट के माल की बरामदगी से जुड़ी धाराएं लगाई गई थीं।


झारखंड पुलिस के समन्वय से हुई गिरफ्तारी 

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ सदर-1 के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर जाल बिछाया। पुलिस टीम ने इस दौरान झारखंड पुलिस से भी संपर्क साधा और लगातार छापेमारी की। आखिरकार 26 अप्रैल 2026 को पुलिस ने सफलता हासिल करते हुए डोमचांच थाना क्षेत्र के बंगाई काला निवासी सूरज कुमार (पिता शिव प्रसाद सिंह) को धर दबोचा। आरोपी लंबे समय से अपनी पहचान छिपाकर झारखंड के इलाकों में रह रहा था।


आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल 

गिरफ्तारी के बाद थाना परिसर में हुई गहन पूछताछ के दौरान सूरज कुमार ने ट्रक लूट की इस बड़ी घटना में अपनी सक्रिय संलिप्तता स्वीकार कर ली है। गौरतलब है कि इस मामले में पुलिस ने पहले ही पांच अन्य अपराधियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया था। सूरज कुमार इस कांड में फरार चल रहा छठा आरोपी था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लंबे समय से प्रयासरत थी। इसके पकड़े जाने से इस लूट कांड की पूरी कड़ी अब जुड़ गई है।


न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपीजांच जारी 

पूछताछ की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं निभाते हुए सूरज कुमार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। एसपी अभिनव धीमान ने पुलिस टीम की इस सफलता पर संतोष जताया है। हालांकि, पुलिस इस मामले में अभी भी कुछ अन्य कड़ियों की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गिरोह के तार और कहाँ-कहाँ जुड़े हुए हैं। इस कार्रवाई से इलाके के व्यवसायियों और ट्रक चालकों ने राहत की सांस ली है।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट