पुलिस टीम पर हमले के बाद नवादा पुलिस का कड़ा एक्शन: 28 हमलावर गिरफ्तार, माफियाओं में हड़कंप
Bihar News : नवादा जिले में अवैध बालू खनन माफियाओं द्वारा पुलिस टीम पर किए गए हमला मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने छापेमारी कर 28 हमलावरों को धर दबोचा है......
Nawada : जिले में अवैध बालू खनन रोकने गई पुलिस टीम पर माफियाओं द्वारा किए गए जानलेवा हमले के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हिसुआ अनुमंडल के डीएसपी राहुल सिंह ने गुरुवार को पत्रकारों को जानकारी दी कि एसपी अभिनव धीमान के नेतृत्व में की गई छापेमारी के दौरान कुल 28 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इन सभी पर अवैध खनन और पुलिस बल पर हमला करने का गंभीर आरोप है।
सब-इंस्पेक्टर को कुचलने का प्रयास, हालत गंभीर
घटना नारदीगंज थाना क्षेत्र के मधुबन स्थित पंचाने नदी की है, जहाँ अवैध बालू खनन की सूचना पर पुलिस टीम छापेमारी करने पहुँची थी। छापेमारी के दौरान जब पुलिस सब-इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार ने भाग रहे ट्रैक्टरों को रोकने की कोशिश की, तो चालक ने उन्हें जान से मारने की नीयत से उनके ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। इस हादसे में नरेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।
भारी मात्रा में वाहन जब्त, 28 आरोपी सलाखों के पीछे
पुलिस ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए नारदीगंज थाना में कांड संख्या 158/26 दर्ज किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने न केवल 28 आरोपियों को दबोचा, बल्कि मौके से 20 मोटरसाइकिल, 2 स्कॉर्पियो और 1 ट्रैक्टर भी जब्त किया है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों ने पुलिस की सघन पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
माफियाओं के खिलाफ एसपी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी, जिसने पथरा केशौरिया स्थित घटनास्थल पर दबिश दी। पुलिस की सक्रियता के कारण ही इतनी बड़ी संख्या में गिरफ्तारियां संभव हो पाई हैं। डीएसपी ने बताया कि खनन माफियाओं द्वारा पुलिस को डराने की कोशिश को नाकाम कर दिया गया है और विभाग अपने अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है।
फरार अभियुक्तों की तलाश में छापेमारी जारी
पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि इस मामले में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। वर्तमान में गिरफ्तार अभियुक्तों को जेल भेजने के साथ-साथ पुलिस की टीमें अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। डॉक्टरों के अनुसार, घायल सब-इंस्पेक्टर की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है, लेकिन वे विशेषज्ञों की निगरानी में हैं।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट