Nawada Liquor Seized: रजौली में 294 लीटर अवैध शराब जब्त,दो वाहनों से पकड़ी गई, ती3न तस्कर गिरफ्तार, 20 लाख की गाड़ी बरामद
Nawada Liquor Seized: नवादा जिले के रजौली में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 294.720 लीटर विदेशी शराब और बीयर जब्त की। तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक चालक फरार हो गया।
Nawada Liquor Seized: नवादा जिले के रजौली में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 294.720 लीटर विदेशी शराब और बीयर जब्त की है। इस दौरान तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक वाहन चालक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पहली कार्रवाई रजौली स्थित समेकित जांच चौकी पर की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कार में बड़ी मात्रा में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर निरीक्षक अमृत कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक सिल्वर रंग की मारुति सुजुकी एस-क्रॉस कार, जिसका पंजीकरण संख्या BR01CS/8300 है, को रोककर जांच की।
वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को कार के अंदर से 198.720 लीटर ऑफिसर चॉइस ओरिजिनल व्हिस्की बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पटना जिले के मोकामा निवासी 36 वर्षीय चंदन कुमार, वैशाली जिले के मानिकपुर पकड़ी निवासी 28 वर्षीय सूरज कुमार और नालंदा जिले के परमानंद बिगहा निवासी 19 वर्षीय उत्पल कांत कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने बताया कि वे यह शराब उत्तर प्रदेश से लेकर पटना जा रहे थे। उन्होंने शराब मंगाने वाले एक व्यक्ति का नाम और मोबाइल नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और शराब के मुख्य सप्लायर तथा रिसीवर तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
96 लीटर अवैध बीयर बरामद
दूसरी कार्रवाई रजौली थाना क्षेत्र के काराखुट जंगल के पास धनारजय नदी के किनारे की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में एक संदिग्ध वाहन खड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक सफेद रंग की महिंद्रा बोलेरो, जिसका पंजीकरण संख्या JH18C/6598 है, को लावारिस हालत में खड़ा पाया। जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें से 96 लीटर अवैध बीयर बरामद हुई। बरामद बीयर में बैड मंकी, गॉडफादर और कार्ल्सबर्ग जैसे ब्रांड शामिल हैं।
बिहार में लागू शराबबंदी कानून
हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी पहचान करने और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर पूरे गिरोह का पता लगाने का प्रयास जारी है। बिहार में लागू शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। रजौली क्षेत्र झारखंड और बिहार की सीमा के करीब होने के कारण शराब तस्करों के लिए संवेदनशील माना जाता है। इसी वजह से यहां विशेष निगरानी रखी जा रही है।
नवादा से अमन की रिपोर्ट