Bihar Road Accident: बालू लदे ट्रैक्टर का कहर, ई-रिक्शा में मारी टक्कर, बुजुर्ग की दर्दनाक मौत

Bihar Road Accident: नवादा में तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टर ने एक ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी।

Bihar Road Accident:  बालू लदे ट्रैक्टर का कहर, ई-रिक्शा में
बालू लदे ट्रैक्टर का कहर- फोटो : reporter

Bihar Road Accident: बिहार के नवादा में तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टर ने एक ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में करीब 50 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई, जबकि ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अमरपुर गांव के समीप की बताई जा रही है। मृतक की पहचान अकबरपुर प्रखंड के बसकंडा गांव निवासी भजंती मांझी के रूप में हुई है। बताया गया कि भजंती मांझी अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ काम करने के लिए सिवान जाने की तैयारी में थे। इसी सिलसिले में वह घर से निकले थे।

ई-रिक्शा में बैठते ही तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, अमरपुर गांव के पास भजंती मांझी ई-रिक्शा पर बैठे हुए थे। परिवार के अन्य सदस्य भी वहां पहुंच रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भजंती मांझी ट्रैक्टर की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मौके का फायदा उठाकर ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायल बुजुर्ग को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल भजंती मांझी को अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मुफस्सिल थाना प्रभारी संजीत कुमार मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।मृतक के भतीजे बादल कुमार ने बताया कि परिवार के लोग सिवान में ईंट-भट्ठे पर काम करते हैं। सभी लोग सिवान जाने की तैयारी में थे। भजंती मांझी भी इसी सिलसिले में घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में ही दर्दनाक हादसा हो गया।

ई-रिक्शा पर बैठने वाले थे कई लोग, टल गया बड़ा हादसा

बादल कुमार के मुताबिक, हादसे के वक्त ई-रिक्शा पर अभी परिवार के दूसरे लोगों को बैठना था। कई लोग वहां पहुंच ही रहे थे और ई-रिक्शा चालक भी थोड़ी दूरी पर मौजूद था। ऐसे में अगर सभी लोग उस वक्त ई-रिक्शा पर सवार हो गए होते तो हादसा और भी भयावह हो सकता था।फिलहाल पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक की पहचान करने और पूरे मामले की जांच में जुटी है। बालू लदे ट्रैक्टर की तेज रफ्तार को हादसे की वजह बताया जा रहा है। पुलिस अब घटनास्थल और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर दुर्घटना की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।

रिपोर्ट- अमन कुमार