Bihar Police:एएसआई पर ट्रैक्टर चढ़ाने के बाद पुलिस एक्शन, थानाध्यक्ष पर गिरी गाज,SHO आदित्य कुमार निलंबित

Bihar Police:एएसआई पर हुए जानलेवा हमले के मामले में थानाध्यक्ष र को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है....

Nawada SHO Suspended Over Illegal Sand Mining Lapses
थानाध्यक्ष निलंबित- फोटो : reporter

Bihar Police:नवादा जिले में अवैध बालू खनन और एएसआई पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई की गई है। नवादा के एसपी अभिनव धीमान ने नारदीगंज थानाध्यक्ष आदित्य कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। थानाध्यक्ष पर मुख्यालय के निर्देशों का पालन नहीं करने, लापरवाही बरतने और अवैध खनन रोकने में विफल रहने के गंभीर आरोप लगे हैं।

एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष की अवैध खनन में संभावित संलिप्तता की भी जांच के आदेश दिए हैं। इसके लिए नवादा सदर एसडीपीओ-02 को जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। वहीं नारदीगंज थाना का प्रभार फिलहाल अपर थानाध्यक्ष एसआई अभिषेक कुमार को सौंपा गया है।

इस पूरे मामले पर मगध रेंज के आईजी विकास वैभव ने भी सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार शाम आईजी और एसपी ने नारदीगंज थाना तथा घटनास्थल का दौरा कर मामले की गहन जांच की। दोनों अधिकारियों ने थाने में काफी देर तक बैठकर पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की।

उधर एएसआई नागेंद्र कुमार पर हमले के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। कैशौरिया गांव से गिरफ्तार किए गए 28 आरोपितों में से 27 को शुक्रवार को जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपितों में 19 महिलाएं और 9 पुरुष शामिल हैं। एक आरोपित की तबीयत खराब होने के कारण उसे फिलहाल इलाज के लिए रखा गया है।

दरअसल, एएसआई नागेंद्र कुमार बुधवार शाम अवैध बालू खनन की सूचना पर मधुवन इलाके की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कैशौरिया-पथरा मार्ग पर ट्रैक्टरों को पकड़ने की कोशिश में एक चालक ने उन पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। गंभीर रूप से घायल एएसआई का इलाज पटना के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। इस मामले में नारदीगंज थाना में 14 मई को कांड संख्या 158/26 दर्ज किया गया था, जिसमें 59 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।

रिपोर्ट- अमन कुमार