नवादा में हाथियों का कहर, युवक को कुचलकर मार डाला, गांव में दहशत, वन विभाग पर लापरवाही के गंभीर आरोप

Bihar News: जंगली हाथियों के झुंड ने आतंक मचा रखा है।युवक को हाथी ने कुचलकर मार डाला, जिससे पूरे इलाके में ख़ौफ़ और ग़म का माहौल है।

Nawada Tragedy Elephant Attack Kills Youth Panic in Village
नवादा में हाथियों का कहर- फोटो : reporter

Bihar News:नवादा ज़िले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां जंगली हाथियों के झुंड ने आतंक मचा रखा है। नवादा के रजौली थाना क्षेत्र के सूअरलेटी गांव में मंगलवार देर रात एक 30 वर्षीय युवक को हाथी ने कुचलकर मार डाला, जिससे पूरे इलाके में ख़ौफ़ और ग़म का माहौल है।

मृतक की पहचान सनोज भुइया के रूप में हुई है, जो बागड़ी भुइया के पुत्र थे। यह दर्दनाक हादसा रात करीब 11:40 बजे हुआ, जब हाथियों का झुंड गांव में घुस आया और तबाही मचाने लगा। सिर्फ इंसानी जान ही नहीं गई, बल्कि हाथियों ने घर के बाहर बंधी तीन भैंसों को भी मार डाला, जिससे ग्रामीणों का आर्थिक नुकसान भी भारी हुआ है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले तीन दिनों से रजौली वन क्षेत्र में हाथियों का झुंड लगातार उत्पात मचा रहा था। इसकी सूचना बार-बार वन विभाग को दी गई, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का इल्ज़ाम है कि विभाग की लापरवाही ही इस जानलेवा हादसे की असली वजह बनी।

करीब दो दर्जन से अधिक हाथियों का यह झुंड अब कौवाकोल इलाके की तरफ बढ़ चुका है और रास्ते में कई फसलों को तबाह कर चुका है। फिलहाल ये झुंड नावाडीह के जंगलों में डेरा डाले हुए है, जिससे आसपास के गांवों में दहशत का माहौल कायम है। लोग रातभर जागकर अपनी और अपने परिवार की हिफाज़त करने को मजबूर हैं।

वन विभाग की तरफ से अब ड्रोन के जरिए निगरानी की बात कही जा रही है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि यह कदम बहुत देर से उठाया गया। उनका गुस्सा साफ झलक रहा है वे सवाल उठा रहे हैं कि अगर पहले ही सतर्कता बरती जाती, तो शायद एक बेगुनाह की जान बचाई जा सकती थी।

इस घटना ने एक बार फिर इंसान और वन्यजीवों के टकराव की गंभीर हकीकत को उजागर कर दिया है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन और वन विभाग इस मामले में कितनी तेजी से ठोस कदम उठाते हैं, ताकि आगे ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

रिपोर्ट- अमन कुमार