नवादा में स्नातक और शिक्षक MLC चुनाव की तैयारी पूरी: 23 अक्टूबर को होगा मतदान, DM-SP ने तैयारियों का लिया जायजा

पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र-2026 का कल होने वाले मतदान को लेकर नवादा में पूरी तैयारी की गई है। स्नातक के 15,829 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 1,749 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। निष्पक्ष मतदान के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए है....

नवादा में स्नातक और शिक्षक MLC चुनाव की तैयारी पूरी: 23 अक्ट
नवादा में स्नातक और शिक्षक MLC चुनाव की तैयारी पूरी- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र-2026 को लेकर नवादा जिले में प्रशासनिक और सुरक्षा संबंधी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 को जिले के निर्धारित मतदान केंद्रों पर सुबह 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक मतदान संपन्न कराया जाएगा। चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से आयोजित कराने हेतु जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी रवि प्रकाश और पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने संयुक्त रूप से प्रतिनियुक्त पीठासीन एवं पुलिस अधिकारियों की ब्रीफिंग की।


स्नातक के लिए 17 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 14 मतदान केंद्र

उप निर्वाचन पदाधिकारी के अनुसार, नवादा जिले में मतदाताओं की सुविधा के लिए पुख्ता व्यवस्था की गई है:

  • पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: जिले में कुल 17 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहाँ 15,829 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
  • पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: इसके लिए कुल 14 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहाँ 1,749 मतदाता वोट डालेंगे।


डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर साइनेज अलग-अलग और स्पष्ट लगाएं ताकि मतदाताओं को कोई असमंजस न हो। साथ ही मतपत्रों को निर्धारित नियमों के अनुसार ही मोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।


CCTV कैमरों से निगरानी और नियंत्रण कक्ष स्थापित

सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए एसपी अभिनव धीमान ने बताया कि सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई होगी।

  • जिला नियंत्रण कक्ष (Helpdesk): चुनाव से जुड़ी शिकायतों और सूचनाओं के त्वरित निष्पादन के लिए समाहरणालय में नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। मतदाता किसी भी समस्या के लिए दूरभाष नंबर 06324-299948 पर संपर्क कर सकते हैं।


बज्रगृह (Strong Room) का किया गया निरीक्षण

संयुक्त ब्रीफिंग के पश्चात डीएम रवि प्रकाश और एसपी अभिनव धीमान ने महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI), नवादा स्थित पोल्ड मतपेटिका संग्रहण केंद्र यानी बज्रगृह का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मतपेटी संग्रह, सुरक्षा व्यवस्था और सामग्री प्रबंधन की बारीकी से समीक्षा की गई। इस दौरान उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता और सदर एसडीएम सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट