निजी स्कूल के शिक्षक ने मासूम छात्र को बेरहमी से पीटा, पिता ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
नवादा जिले से एकबार फिर मासूम छात्र की पिटाई का मामला सामने आया है। एक निजी स्कूल के शिक्षक ने तीसरी के छात्र की बेरहमी से पिटाई की है। इस बावत छात्र के पिता द्वारा शिक्षक के खिलाफ थाने मे मामला दर्ज कराया गया है...
Nawada : जिले से एक बार फिर स्कूली छात्र के साथ बर्बरता का मामला सामने आया है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल में शिक्षक पर तीसरी कक्षा के एक मासूम छात्र की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगा है। शिक्षक की इस हरकत के कारण छात्र को गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद आनन-फानन में उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कॉपी में कुछ लिखने को लेकर हुआ विवाद
पीड़ित छात्र की पहचान नेया गांव के रहने वाले धनंजय कुमार के पुत्र धनराज कुमार के रूप में हुई है। छात्र के शरीर पर चोट के कई गंभीर निशान साफ देखे जा सकते हैं। परिजनों के अनुसार, स्कूल के ही कुछ लड़कों ने कथित तौर पर एक छात्रा की कॉपी में कुछ गलत लिख दिया था। इसी बात को लेकर शिक्षक का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने पूरी सच्चाई जाने बिना धनराज की बेरहमी से पिटाई कर दी।
पीड़ित छात्र ने बयां की आपबीती
अस्पताल में उपचाराधीन पीड़ित छात्र धनराज ने भी शिक्षक पर मारपीट का सीधा आरोप लगाया है। धनराज ने बताया कि क्लास के ही तीन अन्य लड़कों ने दूसरी लड़की की कॉपी में कुछ गलत बातें लिखी थीं। लेकिन शिक्षक ने बिना किसी जांच-पड़ताल के उसे ही दोषी मान लिया और उस पर हाथ उठा दिया। इतनी छोटी उम्र के बच्चे के साथ इस तरह की बर्बरतापूर्ण मारपीट से हर कोई हैरान है।
पिता ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
इस घटना को लेकर पीड़ित छात्र के पिता धनंजय कुमार ने मुफस्सिल थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। धनंजय कुमार ने बताया कि उन्होंने करीब एक साल पहले ही अपने बेटे का दाखिला इस स्कूल में कराया था और उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि यहाँ उनके बच्चे के साथ ऐसा अमानवीय व्यवहार होगा।
आरोपी शिक्षक की तलाश में जुटी पुलिस
परिजनों ने बताया कि यह पूरी घटना 'आदर्श विद्या भारती रेजिडेंशियल पब्लिक स्कूल' की है। छात्र के पिता ने स्कूल के शिक्षक राम प्रवेश उर्फ छोटू पर अपने बच्चे को बेरहमी से पीटने का सीधा आरोप लगाया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी शिक्षक के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसने के लिए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट