Road Accident In Bihar: नवादा में सड़क हादसे में 2 की मौत, अनियंत्रित होकर गिरी बाइक, इलाके में मचा कोहराम

Road Accident In Bihar: बिहार के नवादा से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां सड़क हादसे में 2 युवकों की दर्दनाक मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि अचानक बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। जिससे युवक हादसे का शिकार हो गए।

सड़क हादसा
सड़क हादसे में 2 की मौत - फोटो : reporter

Road Accident In Bihar: बिहार के नवादा से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां सड़क दुर्घटना में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई है। जबकि एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। दरअसल, पूरा मामला रजौली थाना क्षेत्र के अकौना गांव के पास का है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।  

अनियंत्रित होकर गिरी बाइक 

जानकारी अनुसार दुर्घटना कर्मा खुर्द स्थित अकौना गांव के पास हुई। बताया जा रहा है कि सिरदला थाना क्षेत्र के गोदपुर गांव निवासी तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर रजौली बाजार की ओर जा रहे थे। अकौना गांव के समीप उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गई। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत टोटो वाहन से रजौली अनुमंडलीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। 

सड़क हादसे में दो की मौत 

अस्पताल में चिकित्सक डॉ. परितोष कुमार ने जांच के बाद दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि उनकी मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। तीसरे घायल युवक का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलने पर रजौली थाना के एसआई पप्पू कुमार और डायल 112 के एएसआई संजय कुमार अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। 

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल 

मृतकों की पहचान गोदपुर गांव निवासी सूरज चौधरी और लिट्टू चौधरी के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक रोहित राजवंशी बताया जा रहा है। पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। 

नवादा से अमन की रिपोर्ट