Bihar News: डिग्री कॉलेज पर संग्राम! 5 KM दूर सुनसान जमीन के विरोध में बाजार बंद, सड़क पर उतरे लोग

Bihar News: नवादा के रोह प्रखंड में सरकारी डिग्री कॉलेज की स्थापना को लेकर लोगों का गुस्सा सड़क पर उतर आया। ...

Roht Market Shut Over Demand for College Near Block HQ
आंदोलनकारियों की दो टूक—मुख्यालय के पास हो कॉलेज- फोटो : reporter

Bihar News:  नवादा के रोह प्रखंड में सरकारी डिग्री कॉलेज की स्थापना को लेकर सोमवार को लोगों का गुस्सा सड़क पर उतर आया। प्रखंड मुख्यालय से करीब 5 किलोमीटर दूर सुनसान इलाके में कॉलेज के लिए जमीन चिन्हित किए जाने के विरोध में स्थानीय लोगों ने रोह बाजार को पूरी तरह बंद करा दिया। देखते ही देखते बड़ी तादाद में लोग सड़क पर जमा हो गए और मुख्य मार्ग पर आवागमन बाधित होने से सड़क जाम की नौबत आ गई। बाजार बंद और प्रदर्शन के कारण इलाके का जनजीवन प्रभावित रहा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रोह प्रखंड में सरकारी डिग्री कॉलेज की जरूरत लंबे अरसे से महसूस की जा रही है। कॉलेज की स्थापना को लेकर जमीन चयन की प्रक्रिया शुरू हुई तो लोगों को उम्मीद थी कि प्रखंड मुख्यालय या बाजार के आसपास उपयुक्त जमीन का चयन होगा। लेकिन मुख्यालय से लगभग पांच किलोमीटर दूर सुनसान इलाके में जमीन चिन्हित किए जाने की जानकारी सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी भड़क गई।

आंदोलनकारियों की दो टूक—मुख्यालय के पास हो कॉलेज

प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांग है कि सरकारी डिग्री कॉलेज के लिए रोह बाजार और प्रखंड मुख्यालय के आसपास जमीन चिन्हित की जाए। उनका कहना है कि मुख्यालय के नजदीक कॉलेज बनने से प्रखंड के अलग-अलग इलाकों से आने वाले छात्र-छात्राओं को आवाजाही में सहूलियत होगी। वहीं दूर और सुनसान जगह पर कॉलेज बनाने से विद्यार्थियों को रोजाना आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।खास तौर पर छात्राओं की सुरक्षा और आवागमन को लेकर भी लोगों ने सवाल उठाए हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि उच्च शिक्षा की सुविधा तभी कारगर साबित होगी, जब कॉलेज ऐसी जगह बने जहां विद्यार्थियों के लिए पहुंचना आसान और सुरक्षित हो।

2 अक्टूबर को धरना, अब बाजार बंद कर जताया विरोध

जमीन चयन के मुद्दे पर स्थानीय लोगों ने 2 अक्टूबर को धरना देकर अपना विरोध दर्ज कराया था। इसके बाद आंदोलन को और व्यापक करने का फैसला लिया गया। सोमवार को बाजार बंद कराया गया और बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतरकर अपनी मांग के समर्थन में आवाज बुलंद करने लगे।

आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध किसी व्यक्ति या किसी खास इलाके के खिलाफ नहीं है। उनका कहना है कि पूरा संघर्ष रोह प्रखंड के विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य और उच्च शिक्षा की आसान पहुंच को ध्यान में रखकर किया जा रहा है।लोगों ने सरकार और संबंधित प्रशासन से सरकारी डिग्री कॉलेज के लिए प्रस्तावित जमीन पर पुनर्विचार करने तथा प्रखंड मुख्यालय के आसपास दूसरी उपयुक्त जमीन चिन्हित करने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों ने संकेत दिया है कि अगर जमीन चयन के फैसले पर दोबारा विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को आगे भी तेज किया जा सकता है। सोमवार को बाजार बंद और सड़क जाम के चलते रोह में काफी देर तक माहौल गरम रहा।
रिपोर्ट- अमन कुमार