नवादा में रफ्तार का कहर : बाइक ने 2 बच्चों को रौंदा, एक की मौत दूसरा गंभीर रुप से घायल

नवादा जिले में रफ्तार के कहर ने एक मासूम बच्चे की जान ले ली। वहीं एक बच्चा गंभीर से रुप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए पटना पीएमसीएच रेफर किया गया है.....

नवादा में रफ्तार का कहर : बाइक ने 2 बच्चों को रौंदा, एक की म
नवादा में रफ्तार का कहर- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले से गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां रफ्तार के कहर ने एक मासूम बच्चे की जान ले ली, जबकि एक गंभीर रुप से घायल हो गया। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के आसाढ़ी गांव की है। मिली जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से एक 8 वर्षीय मासूम बालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।


पढ़ाई के लिए घर से निकले थे दोनों बच्चे

मृतक बालक की पहचान आसाढ़ी गांव निवासी नंदू कुमार के 8 वर्षीय पुत्र निशांत कुमार के रूप में हुई है। निशांत प्रतिदिन की तरह अपने दोस्त दीपू कुमार के साथ घर से महज 500 मीटर दूर पढ़ाई करने जा रहा था। इसी दौरान एक अनियंत्रित बाइक ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे निशांत ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।


घायल बच्चा पीएमसीएच रेफर, चालक को ग्रामीणों ने दबोचा 

हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल दीपू कुमार को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए पटना के PMCH रेफर कर दिया गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए बाइक चालक को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।


परिवार में मचा कोहराम, घर का बड़ा बेटा था निशांत 

निशांत की असमय मौत की खबर मिलते ही उसके परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि निशांत अपने माता-पिता का सबसे बड़ा बेटा था, जिसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।


पुलिस ने आरोपी चालक को लिया हिरासत में, जांच जारी 

सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने आरोपी बाइक चालक को हिरासत में लेकर वाहन को जब्त कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट