नवादा में 4 महीने की गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुराल पक्ष पर मछली में जहर देकर हत्या का आरोप
नवादा जिले में एक गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर जहर देकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच मे जुटी है......
Nawada : जिले के कौआकोल प्रखंड के प्रभानगर गांधीधाम के पास एक 20 वर्षीय विवाहिता सविता कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। इस घटना के बाद मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
14 महीने पहले हुई थी शादी
मृतका के मामा रंजीत चौधरी के अनुसार, सविता की शादी करीब 14 महीने पहले गोलू कुमार के साथ हुई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था, और वह चार माह की गर्भवती भी थी। इस संबंध में पुलिस को लिखित आवेदन देकर पति, सास और ससुर पर प्रताड़ना का आरोप लगाया गया है।
मछली खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
परिजनों के मुताबिक, शनिवार को घर में मछली बनाई गई थी, जिसे खाने के बाद सविता की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसे तुरंत कौआकोल पीएचसी ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे नवादा रेफर कर दिया। नवादा से किसी निजी अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी स्थिति अधिक गंभीर होने पर मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस हरकत में आई और रविवार को मृतका के शव को नवादा सदर अस्पताल लाकर पोस्टमार्टम कराया गया। कौआकोल थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट