नवादा में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ पटना स्नातक और शिक्षक निर्वाचन चुनाव, 83.74% शिक्षकों और 58.95% स्नातकों ने डाले वोट

बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र 2026 के तहत नवादा जिले में शांतिपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न हो गया। इसके साथ ही प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो गई........

नवादा में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ पटना स्नातक और शिक्षक निर्वा
नवादा में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ मतदान- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र 2026 के तहत शुक्रवार, 23 अक्टूबर को नवादा जिले में मतदान की प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो गई। मतदान का समय समाप्त होने के बाद सभी उम्मीदवारों की किस्मत मतपेटियों में सुरक्षित रूप से बंद हो चुकी है। निर्वाचन नियमों का पालन करते हुए अब इन सभी मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा के बीच निर्धारित प्रक्रिया के तहत पटना भेजने की तैयारी की जा रही है।


बंपर वोटिंग: शिक्षकों में दिखा भारी उत्साह

जिला प्रशासन से प्राप्त आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, नवादा में इस चुनाव के दौरान मतदाताओं ने खासा उत्साह दिखाया है। जिले में पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत रिकॉर्ड 83.74 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो शिक्षकों के बीच भारी जागरूकता और उत्साह को दर्शाता है। वहीं दूसरी ओर, पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भी 58.95 प्रतिशत स्नातकों ने अपने मताधिकार का बढ़-चढ़कर इस्तेमाल किया।


प्रशासन की मुस्तैदी से शांति व्यवस्था रही कायम

मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। डीएम और एसपी के निर्देश पर प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का लगातार जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की। 


मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतपेटियों को पूरी पारदर्शिता के साथ सील कर दिया गया। अब सभी 18 प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की निगाहें आगामी 27 अक्टूबर को होने वाली मतगणना और परिणामों पर टिकी हुई हैं।


अमन की रिपोर्ट