फर्जी ई-चालान पर अवैध पत्थर ले जा रहे दो ट्रक जब्त : 17.34 लाख का जुर्माना, दो चालक गिरफ्तार
Nawada : जिले में खनन विभाग और रजौली पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। रजौली के चितरकोली समेकित जांच चौकी (चेकपोस्ट) के पास से अवैध पत्थर लदे दो ट्रकों को जब्त किया गया है। पकड़े गए दोनों ट्रक चालक फर्जी ई-परिवहन चालान के आधार पर मध्य प्रदेश से पत्थर लाने का झूठा दावा कर रहे थे। जांच के दौरान जब महज 12 घंटे में 650 किलोमीटर की दूरी तय करने का फर्जीवाड़ा पकड़ा गया, तो पुलिस ने दोनों चालकों को गिरफ्तार कर लिया। इस बड़ी कार्रवाई से अवैध चालान और एंट्री माफियाओं के सिंडिकेट में हड़कंप मच गया है।
पहला मामला: 12 चक्का ट्रक पर लगा 8.62 लाख रुपये का जुर्माना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 9:10 बजे कोडरमा (झारखंड) की ओर से आ रहे एक 12 चक्का ट्रक को जांच चौकी पर रोका गया। ट्रक चालक बिक्कू कुमार (पिता: मुकेश प्रसाद यादव, निवासी: रतनपुर दिबौर) ने अधिकारियों को मध्य प्रदेश का एक ई-चालान (नंबर: 2610401862) दिखाया। चालान के मुताबिक, यह पत्थर 15 जून की सुबह 9:20 बजे मध्य प्रदेश के 'सीधी' से लोड कर पटना ले जाया जा रहा था। अधिकारियों ने जब तकनीकी जांच की तो पाया कि सीधी से नवादा की 650 किलोमीटर की दूरी महज 12 घंटे में भारी ट्रक से तय करना भौतिक रूप से पूरी तरह असंभव है। इस ट्रक में अवैध रूप से करीब 587 घनफीट पत्थर लदा था। पुलिस ने चालक के पास से दो मोबाइल जब्त करते हुए ट्रक पर 8.62 लाख रुपये का भारी जुर्माना ठोका है।
दूसरा मामला: 14 चक्का ट्रक से भी खुला खेल, 8.72 लाख का लगा फाइन
इस कार्रवाई के कुछ ही देर बाद, रात करीब 9:50 बजे पुलिस ने दूसरे 14 चक्का ट्रक को दबोचा। इसके चालक संतोष कुमार यादव (पिता: कैलाश यादव, निवासी: छतनी ढाब) ने अधिकारियों को गुमराह करने के लिए दूसरा ई-चालान (नंबर: 2610401513) पेश किया। इसमें भी 15 जून की सुबह 8:10 बजे मध्य प्रदेश के सीधी से छपरा के लिए पत्थर लोडिंग दिखाई गई थी। जांच में यह भी पूरी तरह फर्जी पाया गया। इस ट्रक की तलाशी लेने पर इसमें अवैध रूप से 674 घनफीट पत्थर लदा मिला। पुलिस ने इस ट्रक से भी मोबाइल जब्त किया है और खनन नियमों के उल्लंघन के आरोप में इस पर 8.72 लाख रुपये का आर्थिक जुर्माना लगाया है। दोनों ट्रकों को मिलाकर कुल 17.34 लाख रुपये की पेनाल्टी की गई है।
मापन और दूरी के गणित ने खोला फर्जी चालान का राज
खनन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, एंट्री माफिया और ट्रक चालक अक्सर पुलिस को चकमा देने के लिए दूरदराज के राज्यों के फर्जी ऑनलाइन चालान जेनरेट कर लेते हैं। लेकिन इस मामले में दूरी और समय के गणित ने उनका भंडाफोड़ कर दिया। 12 घंटे के भीतर कोई भी मालवाहक ट्रक मध्य प्रदेश से बिहार के चेकपोस्ट तक नहीं पहुंच सकता। इस तकनीकी विसंगति और अवैध रूप से बिना वैध कागजात के पत्थर के ओवरलोड परिवहन को देखते हुए दोनों वाहनों को तुरंत सीज कर दिया गया।
एफआईआर दर्ज, मेडिकल जांच के बाद दोनों आरोपियों को भेजा गया जेल
रजौली के थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि खनन निरीक्षक संतोष प्रकाश झा के लिखित आवेदन के आधार पर रजौली थाने में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार चालकों—छतनी गांव के संतोष कुमार यादव और दिबौर गांव के बिक्कू कुमार को अपनी कस्टडी में ले लिया था। आज मंगलवार को दोनों आरोपियों की अनिवार्य मेडिकल जांच कराने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस फर्जी चालान रैकेट के पीछे जुड़े एंट्री माफियाओं और मुख्य सरगनाओं की तलाश में जुट गई है।