दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या के बाद बवाल : उग्र भीड़ ने गाड़ियों में की तोड़फोड़, नवादा-गया मार्ग किया जाम
नवादा जिले में दिन-दहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या के बाद भारी बवाल हुआ है। स्थानीय लोगों ने घटना के विरोध में गाड़ियों में तोड़-फोड़ और नवादा-गया मार्ग को जाम कर जमकर हंगामा किया है......
Nawada : जिले के चंद्रवंशी मोहल्ले में मंगलवार को दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां 25 वर्षीय युवक प्रणय कुमार उर्फ पीयूष कुमार की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक स्थानीय शिक्षक मनीष भारती का छोटा पुत्र था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 10 से 15 अपराधी दो चारपहिया वाहनों और एक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर पहुंचे और युवक को खदेड़कर गोली मार दी, जिससे घटनास्थल पर ही हड़कंप मच गया।
कॉलेज में सीट पर बैठने के विवाद से जुड़ा मामला
घटना के कारणों को लेकर बताया जा रहा है कि कॉलेज में सीट पर बैठने को लेकर दो युवकों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद की रंजिश में अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया। अपराधी मुख्य सड़क से करीब 500 मीटर अंदर मोहल्ले में घुसकर बेखौफ अंदाज में हत्या करने के बाद मौके से फरार हो गए। इस दुस्साहसिक घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है।
आक्रोशित लोगों ने किया नवादा-गया मार्ग जाम, वाहनों में तोड़फोड़
दिनदहाड़े हुई हत्या से स्थानीय लोगों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उग्र भीड़ ने विरोध में नवादा-गया मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने अपराधियों के बताए जा रहे दोनों चारपहिया वाहनों और बुलेट मोटरसाइकिल को घेरकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
मौके पर पहुंचे डीएसपी, जांच और छापेमारी में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल के साथ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी अभिषेक कुमार ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर गहन जांच कर रही है। अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है।
इलाके में तनाव, परिजनों की त्वरित कार्रवाई की मांग
सरेराह हुई इस वारदात से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है और स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद इलाके में व्याप्त तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। स्थानीय नागरिकों और परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट