नवादा रेलवे लाइन पर महिला का वीडियो वायरल, RPF ने लिया संज्ञान, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
वायरल वीडियो में महिला कथित तौर पर यह कहते हुए सुनाई देती है कि कोई उसे कुछ कहेगा तो उसे किसी का डर नहीं है। अब RPF ने पूरे मामले में संज्ञान लेते हुए इसकी पड़ताल शुरू कर दी है.
Bihar News : नवादा में रेलवे लाइन पर एक महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद रेलवे सुरक्षा बल ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। रेलवे पुलिस महिला की पहचान और तलाश में जुटी है। RPF के अनुसार, शिकायत दर्ज कर ली गई है और आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है।
रेलवे की ओर से संकेत दिया गया है कि जांच में रेलवे नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित महिला के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। लोगों से अपील की गई है कि यदि वे महिला को पहचानते हैं, तो इसकी सूचना रेलवे पुलिस को दें। महिला के इंस्टाग्राम अकाउंट और वीडियो से जुड़ी जानकारी की भी पड़ताल की जा रही है।
वायरल वीडियो में महिला कथित तौर पर यह कहते हुए सुनाई देती है कि कोई उसे कुछ कहेगा तो उसे किसी का डर नहीं है। हालांकि, वीडियो किस परिस्थिति में बनाया गया और इसके पीछे क्या वजह थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर या चलती ट्रेन के नजदीक वीडियो और रील बनाना जानलेवा हो सकता है और रेलवे नियमों का उल्लंघन भी है। ऐसे मामलों में लागू कानून और परिस्थितियों के अनुसार जुर्माना या अन्य कानूनी कार्रवाई हो सकती है। इसलिए लोगों से रेलवे ट्रैक से दूर रहकर ही वीडियो बनाने की अपील की जाती है।
वीडियो वायरल होने के बाद नवादा रेल थाना और रेलवे परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। आखिर रेलवे लाइन पर वीडियो कैसे बनाया गया? क्या उस समय सुरक्षा में तैनात कर्मियों की नजर इस पर नहीं पड़ी? यदि पुलिसकर्मी मौजूद थे, तो ऐसी गतिविधि को समय रहते क्यों नहीं रोका गया? ये सवाल अब चर्चा में हैं। हालांकि, सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी और घटना के समय की परिस्थितियों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल रेलवे पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि महिला ने किन परिस्थितियों में वीडियो बनाया और इस मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।
अमन की रिपोर्ट