नवादा में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, दो गंभीर रूप से घायल
नवादा जिले मे रफ्तार के कहर ने एक युवक की जान ले ली। वहीं दो लोग गंभीर रुप से घायल हो गए जिनका अस्पताल मे इलाज चल रहा है.....
Nawada : जिले के रोह प्रखंड स्थित पावर हाउस के समीप गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। अनियंत्रित अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
मृतक और घायलों की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान मनियोचक गांव निवासी उमेश यादव के पुत्र अंकित कुमार के रूप में की गई है। वहीं, दुर्घटना में घायल दो अन्य लोगों की पहचान कसमार गांव निवासी अमरजीत कुमार तथा मनियोचक गांव निवासी मनजीत कुमार के रूप में हुई है। दोनों घायलों का नवादा सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
परिजनों में मचा कोहराम और गांव में शोक
घटना की सूचना जैसे ही मृतक के घर पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस असमय हुई घटना से मनियोचक गांव सहित आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने और सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए मृतक के शव को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद शव को पंचनामा तैयार कर नवादा सदर अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। पोस्टमार्टम संपन्न होने के बाद पुलिस ने शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।
अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही टक्कर मारकर भागने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों की मदद ली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अज्ञात वाहन की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट