Bihar News : पटना हाईकोर्ट के 7 नवनियुक्त जजों का हुआ भव्य अभिनंदन, 'दरभंगा हाउस' में जुटे दिग्गज अधिवक्ता, स्वागत के बीच भावुक हुए वकील
PATNA : पटना हाई कोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन के दरभंगा हाउस में पटना हाई कोर्ट के नवनियुक्त सातों जजों का अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जस्टिस रंजन कुमार झा, कुमार मनीष, राज कुमार, राणा विक्रम सिंह, विकाश कुमार, गिरिजीश कुमार और आलोक कुमार शामिल हुए।
अधिवक्ताओं ने सभी जजों को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया तथा उनके सफल न्यायिक कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। समारोह का आयोजन अधिवक्ता आर. के. शुक्ला के संयोजन में किया गया। इस अवसर पर पटना हाई कोर्ट के वरिष्ठतम अधिवक्ता शशि शेखर द्विवेदी ने कहा कि जजों का कार्यकाल लंबा हो या छोटा, अधिवक्ता समाज की अपेक्षा है कि वे अपने निर्णयों और न्यायिक योगदान से ऐसी पहचान छोड़ें, जिसे न्यायपालिका और समाज दशकों तक याद रखे।
उन्होंने सभी नवनियुक्त जजों से निष्पक्ष, निर्भीक और न्यायोचित निर्णय देने की अपेक्षा जताई। समारोह के दौरान यह भी उल्लेख किया गया कि सातों जजों में वरिष्ठतम न्यायाधीश रंजन कुमार झा अधिवक्ता रहने के दौरान दरभंगा हाउस में ही बैठकर वकालत करते थे।
जज बनने के बाद उसी परिसर में उनका अभिनंदन होना अधिवक्ताओं के लिए विशेष भावनात्मक क्षण रहा। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता वाई. वी. गिरि, राजीव कुमार वर्मा, सुबोध झा, शैलेन्द्र कुमार, मनीष झा, प्रत्यूष प्रताप सिंह, ऋतुराज शुक्ला समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित थे।