बांकीपुर उपचुनाव में उतरेगी जन सुराज पार्टी: प्रशांत किशोर को उम्मीदवार बनाने की उठी मांग, 5 जुलाई को होगा एलान
पटना के बांकीपुर विधान सभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा होते ही राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इस कड़ी मे जनसुराज ने आज एक बड़ा एलान किया है। जन सुराज के नेताओं ने कहा कि इस सीट से जनसुराज भी मजबूती से चुनाव लड़ेगी....
Patna : नितिन नवीन के राज्य सभा सदस्य बनने के बाद खाली हुई बांकीपुर विधान सभा सीट पर उपचुनाव का एलान हो गया है। जिसके बाद राजनीतिक दल इस सीट चुनाव लड़ने की तैयारी में जुट गए है। इसी कड़ी में आज पटना में जन सुराज पार्टी ने एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने घोषणा की कि जन सुराज आगामी बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उप-चुनाव में अपना उम्मीदवार मजबूती से खड़ा करेगी। पार्टी की इस घोषणा के बाद पटना की इस हाई-प्रोफाइल सीट पर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।
प्रशांत किशोर को चुनाव लड़ाने की चौतरफा मांग
मीडिया से बातचीत के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने दावा किया कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की आम जनता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कुशासन से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है। यही वजह है कि स्थानीय लोग अब यह मांग कर रहे हैं कि जन सुराज की तरफ से खुद प्रशांत किशोर को इस सीट से चुनाव मैदान में उतरना चाहिए।
नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी सुर में मिलाया सुर
इस सीट पर प्रशांत किशोर के नाम को लेकर न सिर्फ आम जनता बल्कि पार्टी के अंदर भी एक राय बनती दिख रही है। जन सुराज अभियान से जुड़े नेताओं और जमीनी स्तर पर काम कर रहे कार्यकर्ताओं की भी यही पुरजोर मांग है कि पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर खुद आगे आएं और बांकीपुर विधानसभा उप-चुनाव में पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ें।
कोर कमेटी की बैठक के बाद लगेगा अंतिम मुहर
हालांकि, प्रशांत किशोर खुद चुनाव लड़ेंगे या पार्टी किसी अन्य चेहरे पर दांव लगाएगी, इस पर अंतिम निर्णय होना अभी बाकी है। जन सुराज की कोर कमेटी की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने वाली है। इस उच्च स्तरीय बैठक में सीट के सभी समीकरणों पर गहन मंथन के बाद ही प्रत्याशी के नाम पर आखिरी मुहर लगाई जाएगी।
5 जुलाई को होगी उम्मीदवार की औपचारिक घोषणा
पार्टी ने स्पष्ट कर दिया है कि बांकीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए उनके प्रत्याशी के नाम का सस्पेंस बहुत जल्द खत्म हो जाएगा। जन सुराज की तरफ से उम्मीदवार के नाम की औपचारिक और आधिकारिक घोषणा 5 जुलाई को एक प्रेस वार्ता के माध्यम से कर दी जाएगी।
नरोत्तम की रिपोर्ट