Bihar News: पटना के राजीव नगर में बड़ा हादला, पोकलेन की भार से धंसी सड़क, नाले में गिरी मशीन

Bihar News: पटना के राजीव नगर में मंगलवार की देर रात अचानक हड़कंप मच गया। निर्माण कार्य के दौरान अचानक सड़क धंस गई और पोकलेन मशीन नाले में पलट गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।

सड़क धंसी
पोकलेन की भार से धंसी सड़क - फोटो : reporter

Bihar News: राजधानी पटना के राजीव नगर में मंगलवार की देर रात भीषण हादसा हो गया। जहां पोकलेन की भार से सड़क धंस गई और मशीन नाले में जा गिरी। जानकारी अनुसार राजीव नगर थाना क्षेत्र स्थित जयप्रकाश नगर में मंगलवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। आशीर्वाद भवन के पास चल रहे निर्माण कार्य के दौरान अचानक सड़क धंस गई, जिससे वहां काम कर रही पोकलेन (खुदाई मशीन) असंतुलित होकर नाले में पलट गई।

अचानक धंसी सड़क 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इलाके में पहले से ही जमीन कमजोर थी। जैसे ही निर्माण कार्य शुरू हुआ, सड़क का एक हिस्सा अचानक बैठ गया। इससे भारी मशीन का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नाले में जा गिरी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में जुट गए। 

खाली कराया गया इलाका 

स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद कुछ समय के लिए निर्माण कार्य रोक दिया गया और एहतियातन इलाके को खाली कराया गया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय निवासी विशाल सिंह ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है। वहीं, प्रशासन द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

पटना से अनिल की रिपोर्ट