Voter Adhikar Yatra: डाक बंगला चौराहा पर भारी पुलिस बल तैनात, राहुल-तेजस्वी की यात्रा को प्रशासन ने रोका, आगे जाने की नहीं मिली है अनुमति, भारी बवाल
Voter Adhikar Yatra: राहुल-तेजस्वी के वोटर अधिकार यात्रा को प्रशासन ने डाक बंगला चौराहा पर रोक दिया है। इसके आगे जाने की उनको अनुमति नहीं मिली थी।

Voter Adhikar Yatra: राजधानी पटना से बड़ी खबर सामने आ रही है। प्रशासन ने राहुल-तेजस्वी की यात्रा को डाकबंगला चौराहे पर रोक दिया है। बताया जा रहा है कि वोटर अधिकार यात्रा के तहत हो रहे मार्च को डाक बंगला चौराहा तक की ही अनुमति मिली थी इससे आगे की अनुमति नहीं थी। दरअसल, डाक बंगला चौराहे पर बैरिकेडिंग की गई है। पटना एसएसपी ने बताया कि मार्च को डाकबंगला चौराहा तक की ही परमिशन मिली है। यहां यात्रा को रोका जाएगा। बताया जा रहा है कि नेता आगे गाड़ी से बढ़ेंगे। कार्यकर्ताओं को रोक दिया जाएगा। वहीं इंडिया गठबंधन के नेता अब डकबंगला चौराहा पर बने मंच पर नजर आ रहे हैं। राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और दीपांकर भट्टाचार्य समेत कई नेता मंच पर मौजूद हैं। मुकेश सहनी मंच से संबोधित कर रहे हैं।
दरअसल, राजधानी पटना में सोमवार को इंडिया गठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा का आगाज़ हुआ। राहुल गांधी के गांधी मैदान पहुंचने के कुछ ही देर बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी वहां पहुंचे। इसके बाद राहुल गांधी ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया और यात्रा की शुरुआत की।
खुले वाहन में राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत गठबंधन के कई दिग्गज नेता एक साथ नजर आए। गांधी मैदान से निकलते ही कार्यकर्ताओं का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। डाकबंगला चौराहा तक दोनों लेन पर समर्थक पार्टी के झंडे लहराते हुए यात्रा के साथ चलते दिखे।
यात्रा गांधी मैदान से जेपी गोलंबर, महाराणा प्रताप गोलंबर होते हुए एसपी वर्मा रोड तक पहुंची। इस दौरान पूरे इलाके में नारों और उत्साह का माहौल रहा। हाईकोर्ट के पास नेहरू पथ का एक लेन भीड़ के चलते जाम हो गया।
इसी बीच बड़ी खबर सामने आई कि प्रशासन ने यात्रा को डाकबंगला चौराहा पर रोक दिया है। बताया गया कि मार्च को चौराहे तक ही अनुमति दी गई थी और इससे आगे बढ़ने की इजाजत नहीं थी। नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से पटना की सड़कों पर भारी भीड़ देखी गई, जबकि प्रशासन चौकसी में जुटा है। वहीं फिलहाल महागठबंधन के नेता डाक बंगला चौराहे पर लोगों को संबोधित कर रहे हैं।