Anant Singh: ई सब हम कुछ जानबे नहीं करते हैं…पर्यावरण समिति के सदस्य बने मोकामा विधायक अनंत सिंह, बोले-हम क्या बने हैं, हमको ही नहीं मालूम!
सरकार ने मोकामा विधायक को पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण समिति का सदस्य बना दिया, लेकिन खुद अनंत सिंह इस जिम्मेदारी से लगभग बेखबर नजर आए।
Anant Singh: जेल से रिहाई के बाद बिहार की सियासत में एक बार फिर बाहुबली नेता अनंत सिंह का नाम सुर्ख़ियों में है। सरकार ने उन्हें पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण समिति का सदस्य मुकर्रर कर दिया, लेकिन दिलचस्प बात ये है कि खुद अनंत सिंह इस जिम्मेदारी से लगभग बेखबर नजर आए। उन्होंने अपने खास देहाती अंदाज़ में कहा, “ई सब हम कुछ जानबे नहीं करते हैं… हम क्या बने हैं, क्या नहीं बने हैं, कुछ पता नहीं।”
बिहार विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 19 कमेटियों का गठन हुआ है, जिसमें उनका नाम भी शामिल है। मगर इस नियुक्ति पर उनकी बेपरवाही ने सियासी गलियारों में कई सवाल खड़े कर दिए हैं
दूसरी तरफ, अनंत सिंह अब चुनावी मैदान से किनारा करने की बात कह रहे हैं। उन्होंने इशारा दिया कि सियासत की विरासत अब अगली नस्ल को सौंपने का वक्त आ गया है। उनका ख्वाब है कि छोटा बेटा आईपीएस अफसर बने, जबकि बड़ा बेटा सियासत में कदम रखे। यह बयान उनके सियासी सफर के नए मोड़ की तरफ इशारा करता है।
इधर, अपने गांव नदवां में आयोजित होने वाले महादंगल को लेकर वे बेहद जोश में हैं। उनका दावा है कि इस दंगल में देश-विदेश से 100 से ज्यादा पहलवान शिरकत करेंगे और लाखों की भीड़ उमड़ेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से नौजवानों को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में मदद मिलेगी दंगल देखेंगे तो दिमाग भटकेगा नहीं, सही राह पर जाएगा।
सोशल मीडिया पर उनका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे अपनी नई जिम्मेदारी से अनजान दिखते हैं। यह वीडियो सियासत, तंज और हकीकत तीनों का मिला-जुला आईना बन गया है। सवाल अब भी बरकरार है क्या अनंत सिंह की ये बेख़बरी सियासी सादगी है या एक सोची-समझी रणनीति? बिहार की राजनीति में यह किरदार अभी और कई मोड़ लेने वाला है।