Bihar News: बिहार में प्राचार्यों की नियुक्ति प्रक्रिया तेज, जानिए कितने पदों पर होगी बहाली, कैसे होगी भर्ती
Bihar News: बिहार में प्राचार्यों की नियुक्ति प्रक्रिया तेज हो गई है। जल्द ही प्राचार्य के पदों पर नियुक्ति की जाएगी। कोर्ट से लंबित मामला वापस हो चुका है जिससे अब नियुक्ति में कोई अड़चन नहीं है।

Bihar News: बिहार के पारंपरिक विश्वविद्यालयों से संबद्ध महाविद्यालयों में 115 प्राचार्य पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। राजभवन सह कुलाधिपति सचिवालय ने संबंधित विश्वविद्यालयों को निर्देश दिया है कि चयनित अभ्यर्थियों को जल्द पदस्थापित किया जाए।
कुलपतियों को भेजा गया निर्देश
राज्यपाल के प्रधान सचिव रॉबर्ट एल. चोंग्थू ने शुक्रवार को एक पत्र भेजकर सभी पारंपरिक विश्वविद्यालयों (सिवाय बिहार कृषि विश्वविद्यालय, बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय और नालंदा खुला विश्वविद्यालय) के कुलपतियों से कहा है कि बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग द्वारा अनुशंसित प्राचार्यों की नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर रिपोर्ट करें।
कोर्ट में लंबित मामला हो चुका है वापस
राजभवन ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्राचार्य पदस्थापन से संबंधित डॉ. सुहेली उर्फ सुहेली मेहता द्वारा पटना हाईकोर्ट में दायर रिट याचिका अब वापस ले ली गई है। जिससे नियुक्ति में अब कोई कानूनी अड़चन नहीं बची है।
नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी के निर्देश
राज्यपाल सचिवालय ने यह कदम कॉलेजों में शैक्षणिक और प्रशासनिक नेतृत्व की स्थिरता के लिए उठाया है। इस निर्णय के बाद लंबे समय से प्राचार्य पदों पर नियुक्ति का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही इससे कॉलेजों के संचालन में भी सुधार आने की संभावना है।