Anant Singh News: एंबुलेंस से बिहार विधानसभा पहुंचे बाहुबली नेता अनंत सिंह, विधायक पद की लेंगे शपथ, फिर जाएंगे जेल
Anant Singh News: बेऊर जेल से बाहुबली नेता अनंत सिंह एंबुलेंस से बिहार विधानसभा पहुंचे। विधानसभा में शपथ ग्रहण करने के बाद अनंत सिंह वापस जेल लौट जाएंगे। अनंत सिंह को फिलहाल जमानत नहीं मिली है।
Anant Singh News: बाहुबली नेता और मोकामा से नवनिर्वाचित विधायक अनंत सिंह आज यानी मंगलवार को विधायक पद की शपथ लेंगे। भारी सुरक्षा के बीच उन्हें बेऊर जेल से बिहार विधानसभा लाया गया। पटना सिविल कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद उनके शपथ ग्रहण का रास्ता साफ हुआ है। कोर्ट के आदेश के तहत उन्हें कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच एंबुलेंस से बिहार विधानसभा लाया गया।

आज विधायक पद की शपथ लेंगे छोटे सरकार
जानकारी के अनुसार कोर्ट ने अनंत सिंह को केवल शपथ ग्रहण के लिए ही अनुमति दी है। दुलारचंद यादव हत्याकांड में उन्हें फिलहाल जमानत नहीं मिली है। ऐसे में शपथ समारोह के अलावा वे किसी भी अन्य गतिविधि में शामिल नहीं हो सकेंगे। शपथ लेने के तुरंत बाद उन्हें फिर से न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेज दिया जाएगा।
हाईकोर्ट ने सुनवाई से किया इनकार
मालूम हो कि अनंत सिंह करीब तीन महीने से दुलारचंद यादव हत्याकांड में न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल में बंद हैं। सिविल कोर्ट से जमानत याचिका खारिज होने के बाद उन्होंने 24 दिसंबर को पटना हाईकोर्ट में अर्जी दाखिल की थी। हालांकि जिस पीठ में मामले की सुनवाई के लिए लिस्टिंग हुई थी, उस कोर्ट के जज ने सुनवाई से इनकार कर दिया। अब मामले को दूसरे कोर्ट में सूचीबद्ध करने की प्रक्रिया चल रही है।
पटना से नरोत्तम की रिपोर्ट