बांकीपुर उपचुनाव: वोटिंग शुरू, 94 साल की उम्र में सबसे पहले मतदान करने पहुंचे सी.पी. ठाकुर
सुबह 7 बजे से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंच रहे,मतदान के दौरान पद्म भूषण एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सी.पी. ठाकुर, भाजपा सांसद विवेक ठाकुर और समाजसेवी दीपक ठाकुर ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
Bankipur Bypoll : राजधानी पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर गुरुवार को उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। सुबह 7 बजे से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंच रहे हैं। मतदान को लेकर लोगों में उत्साह देखा जा रहा है और कई बूथों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें लगी हैं। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा।
इस उपचुनाव को भाजपा के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई माना जा रहा है। चुनावी मैदान में भाजपा के नीरज सिन्हा, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की रेखा गुप्ता और जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है। तीनों दलों ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंकी थी और अब सभी की नजरें मतदान प्रतिशत तथा 3 अगस्त को घोषित होने वाले चुनाव परिणाम पर टिकी हैं।
मतदान के दौरान पद्म भूषण एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सी.पी. ठाकुर, भाजपा सांसद विवेक ठाकुर और समाजसेवी दीपक ठाकुर ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद उन्होंने भाजपा की जीत का दावा करते हुए कहा कि पार्टी इस चुनाव में बड़े अंतर से जीत दर्ज करेगी। उन्होंने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाने की अपील की।
तदाता फोटो पहचान पत्र जरूरी
निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदान केंद्र पर अपना मतदाता फोटो पहचान पत्र (EPIC) साथ लेकर जाएं। यदि किसी मतदाता के पास वोटर आईडी कार्ड नहीं है, तो आयोग द्वारा मान्य 12 वैकल्पिक पहचान पत्रों में से किसी एक के आधार पर भी मतदान किया जा सकता है। इनमें आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बैंक या डाकघर की फोटोयुक्त पासबुक, पेंशन दस्तावेज, स्मार्ट कार्ड, स्वास्थ्य बीमा कार्ड, सांसद/विधायक/एमएलसी द्वारा जारी पहचान पत्र तथा केंद्र या राज्य सरकार एवं सार्वजनिक उपक्रमों के कर्मचारियों के फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र शामिल हैं।
सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन आयोग ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। सभी संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर केंद्रीय अर्धसैनिक बलों एवं बिहार पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। बूथों पर वेबकास्टिंग, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है, जबकि सेक्टर मजिस्ट्रेट और उड़नदस्ता दल लगातार गश्त कर रहे हैं। किसी भी तरह की गड़बड़ी से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को भी अलर्ट मोड में रखा गया है।
अब सभी की नजरें मतदान प्रतिशत पर हैं। मतदान समाप्त होने के बाद ईवीएम को कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रॉन्ग रूम में रखा जाएगा और 3 अगस्त को मतगणना के बाद यह तय होगा कि बांकीपुर विधानसभा सीट पर जनता ने किस उम्मीदवार को अपना प्रतिनिधि चुना है।
वंदना की रिपोर्ट