राजद के साथ जाएंगे चिराग पासवान ! तेजस्वी की पार्टी का बड़ा ऑफर... बिहार में ऐसे बनाएंगे मिलकर सरकार
बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की ओर से उठाए गए सवालों पर राजद भाई वीरेंद्र ने उन्हें खुला ऑफर दिया है कि वे महागठबंधन में आयें और बिहार में हमारे साथ सरकार बनाएं
Bihar News : बिहार में महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ लगातार सामने आ रही घटनाओं को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के वरिष्ठ विधायक भाई वीरेंद्र ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। साथ ही राज्य में एनडीए सरकार को हटाकर महागठबंधन सरकार बनाने के लिए चिराग पासवान को खुला ऑफर दिया है। बिहार के विभिन्न जिलों में उजागर हुई हाल की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। उनका आरोप है कि आम लोग परेशान हैं, लेकिन सरकार केवल बातें कर रही है। भाई वीरेंद्र ने कहा कि बिहार में कोई सुरक्षित नहीं है। न लड़का सुरक्षित है और न लड़की। उन्होंने दावा किया कि राज्य की कानून-व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है और सरकार जमीनी स्थिति सुधारने के बजाय सिर्फ बयान दे रही है।
चिराग पासवान को महागठबंधन में आने का न्योता
बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की ओर से उठाए गए सवालों पर भी भाई वीरेंद्र ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने चिराग से कहा कि अगर उन्हें भी बिहार की स्थिति खराब लग रही है तो मंत्री पद छोड़कर महागठबंधन के साथ आने पर विचार करें। RJD विधायक ने कहा कि वह चिराग पासवान को महागठबंधन के साथ आने का निमंत्रण देते हैं और उनके साथ मिलकर बिहार में सरकार बनाने तथा प्रदेश की राजनीति करने की बात कही। दरअसल, एक वीडियो में चिराग पासवान कहते नजर आ रहे हैं कि वह बिहार सरकार के कामकाज और शासन-प्रशासन की व्यवस्था को लेकर नाखुश हैं। साथ ही दावा किया जा रहा है कि वह अपनी पार्टी के बिहार में एनडीए घटक दल में होने पर 'शर्म' महसूस कर रहे हैं। इसी को लेकर अब राजद की ओर से उन्हें खुला ऑफर दिया गया है।
बाढ़ को लेकर भी सरकार पर साधा निशाना
बिहार में बाढ़ की स्थिति को लेकर भाई वीरेंद्र ने सरकार को घेरते हुए उसे विफल बताया। उन्होंने कहा कि पहले भी बिहार में बाढ़ आई थी, लेकिन प्रभावित लोगों को पर्याप्त राहत नहीं मिली। अपने क्षेत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि वहां भी लोगों को राहत नहीं मिली थी। उन्होंने कहा कि इस बार भी बाढ़ की स्थिति खराब है और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनके मुताबिक सरकार की ओर से दावे तो किए जाते हैं, लेकिन जमीन पर लोगों को अपेक्षित मदद नहीं मिल रही है।
SIR नहीं होता तो बिहार में हमारी सरकार होती
इंडिया गठबंधन की बैठक को लेकर पूछे गए सवाल पर भाई वीरेंद्र ने कहा कि गठबंधन की बैठक हो रही है और उसमें आगे के फैसले लिए जाएंगे। उन्होंने Special Intensive Revision (SIR) का मुद्दा उठाते हुए दावा किया कि अगर SIR नहीं होता तो बिहार में उनकी पार्टी और गठबंधन की सरकार होती। उन्होंने कहा कि गठबंधन की बैठक में आगे की रणनीति और फैसलों पर चर्चा की जाएगी।
नीतीश कुमार के राजनीतिक भविष्य पर
वहीं, नीतीश कुमार के राजनीतिक भविष्य को लेकर कांग्रेस वर्किंग कमेटी में कथित चर्चा और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की टिप्पणी पर भाई वीरेंद्र ने कहा कि इस बारे में कांग्रेस नेताओं से ही सवाल किया जाना चाहिए। दिग्विजय सिंह की उस टिप्पणी का संदर्भ देते हुए कि नीतीश कुमार का निकलना दुर्भाग्यपूर्ण था और अगर वह साथ रहते तो राजनीतिक स्थिति अलग होती, भाई वीरेंद्र ने कहा कि वे केंद्र के लोग नहीं हैं और नीतीश कुमार को लेकर कांग्रेस में क्या चर्चा हुई, यह कांग्रेस के नेता ही बता सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस वर्किंग कमेटी में नीतीश कुमार के राजनीतिक भविष्य को लेकर कोई चर्चा हुई है तो उसकी जानकारी कांग्रेस के नेता ही सार्वजनिक कर सकते हैं।
अभिजीत की रिपोर्ट