Bharat Tiwari Encounter: राजनीति नहीं, न्यायिक जांच का इंतजार करें... भरत तिवारी मामले पर मंत्री श्रवण कुमार का बड़ा बयान
Bharat Tiwari Encounter: भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर बिहार की सियासत एक बार फिर गरमा गई है।....
Bharat Tiwari Encounter: भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर बिहार की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। इसी मुद्दे पर आयोजित होने वाली महापंचायत से पहले राज्य सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है और कहा है कि इस पूरे मामले को लेकर राजनीति की जा रही है, जबकि सरकार ने न्यायिक जांच का आदेश दे दिया है।
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि घटना बेहद निंदनीय है, लेकिन इस पर अंतिम निष्कर्ष न्यायिक जांच के बाद ही सामने आएगा। उन्होंने कहा, “दूध का दूध और पानी का पानी होगा, जब जांच रिपोर्ट आएगी तो सारी सच्चाई सामने आ जाएगी। जनता को न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा रखना चाहिए।”उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए इस मुद्दे को बढ़ाया जा रहा है और सोची-समझी रणनीति के तहत सरकार को घेरने की कोशिश हो रही है। मंत्री ने कहा कि राज्य में कानून का राज कायम है और यह व्यवस्था पहले भी थी और आज भी मजबूत है।
एनकाउंटर पर उठ रहे सवालों के बीच मंत्री ने पुलिस कार्रवाई का बचाव करते हुए कहा कि यदि कोई अपराधी पुलिस पर हमला करता है, हथियार से जानलेवा हमला करता है या आम जनता की सुरक्षा को खतरे में डालता है, तो पुलिस को कानून के तहत कार्रवाई करनी पड़ती है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसे हालात में पुलिस हाथ पर हाथ रखकर नहीं बैठ सकती।
मंत्री ने यह भी कहा कि सम्राट चौधरी ने मामले की न्यायिक जांच का आदेश दिया है और सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ जांच प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है। उन्होंने दावा किया कि जांच के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी और किसी भी तरह की गलतफहमी दूर हो जाएगी।
इसी बीच महापंचायत को लेकर राजनीतिक माहौल और अधिक गर्म हो गया है। प्रशासन भी सतर्क है और पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। मंत्री ने दोहराया कि भरत तिवारी के परिवार को न्याय पाने के लिए हर स्तर पर अधिकार है और वे मुख्यमंत्री से भी मिलना चाहें तो सरकार उचित सुनवाई करेगी। फिलहाल यह मामला कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच उलझा हुआ है। एक ओर विपक्ष सवाल उठा रहा है, तो दूसरी ओर सरकार इसे कानूनन कार्रवाई बताते हुए न्यायिक जांच को अंतिम सत्य मानने की बात कर रही है।
रिपोर्ट- नरोत्तम कुमार सिंह