Bihar Weather: बिहार में ठंड का 'डबल अटैक', पटना सहित 27 जिलों के लिए चेतावनी जारी, जानिए IMD का अलर्ट
Bihar Weather: बिहार में ठंड का डबल अटैक जारी है। शीतलहर ने कनकनी बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने 27 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। साथ ही लोगों को सर्तक रहने की चेतावनी दी है।
Bihar Weather: बिहार में कड़ाके की ठंड पड़ने शुरु हो गई है। कोहरे की चादर में लिपटी हुई सुबह हो रही है। तापमान में भी तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। धूप में नमी महसूस हो रही है जिससे दोपहर में भी ठंड का एहसास हो रहा है। वहीं आज मौसम विभाग ने 27 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। एक ओर जहां शीतलहर चल रही है तो वहीं कोल्ड डे का अलर्ट भी जारी है।
24 घंटे में 6 डिग्री गिरा पारा
मौसम विभाग मानें तो पटना में बीते 24 घंटे के भीतर अधिकतम तापमान में करीब 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने पटना समेत पूरे राज्य में आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना जताई है। पटना में अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच मात्र 2.9 डिग्री सेल्सियस का अंतर रहा, जिसके कारण दिन में भी ठंड का असर बना रहा। हालांकि, कुछ इलाकों में थोड़ी देर के लिए धूप निकली। राजधानी का अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इस बार पड़ेगा अधिक ठंड
मौसम विभाग की मानें तो इस बार पिछले वर्ष की तुलना में अधिक ठंड पड़ने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटे राज्य के 27 जिलों के लिए भारी हैं। इन जिलों में शीतलहर का प्रकोप तेज रहने की संभावना है। साथ ही सीतामढ़ी समेत इन जिलों में घने कोहरे का असर अधिक देखने को मिलेगा, जिससे सतर्कता बरतने की जरूरत है।
इन जिलों में शीतलहर का प्रकोप
मौसम विभाग के अनुसार पछुआ हवा के प्रभाव से शीतलहर का असर बढ़ने की आशंका है। 19 दिसंबर को घने से घना कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान जताया गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जिन जिलों में शीतलहर का अधिक प्रभाव रहने की संभावना है, उनमें सीतामढ़ी के अलावा पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, शिवहर, सिवान, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, बक्सर, भोजपुर, पटना, नालंदा, अरवल, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, गया, जहानाबाद, नवादा, शेखपुरा, दरभंगा, बेगूसराय और मधुबनी शामिल हैं।