Patliputra University: पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय को बड़ी सौगात, नए कैंपस के लिए मिले 40 करोड़ रुपये

Patliputra University: पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के नए कैंपस के लिए बिहार सरकार ने 40 करोड़ रुपये मंजूर किए। बख्तियारपुर में बनेगा आधुनिक परिसर।

Patliputra University
पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के विकास को बढ़ावा- फोटो : social media

Patliputra University:  बिहार सरकार ने राज्य में उच्च शिक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के नए परिसर के निर्माण और विकास कार्यों के लिए 40 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। यह राशि वित्तीय वर्ष 2026-27 में खर्च की जाएगी। नया कैंपस बख्तियारपुर में चिन्हित जमीन पर बनाया जाएगा।उच्च शिक्षा विभाग की ओर से आदेश जारी होने के बाद अब विश्वविद्यालय के स्थायी और आधुनिक कैंपस के निर्माण कार्य में तेजी आने की उम्मीद बढ़ गई है। सरकार का उद्देश्य छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

जारी आदेश के मुताबिक, मंजूर की गई 40 करोड़ रुपये की राशि में से 30 करोड़ रुपये विश्वविद्यालय विकास मद से दिए जाएंगे। वहीं 10 करोड़ रुपये अनुसूचित जाति विशेष घटक योजना मद से खर्च किए जाएंगे।बख्तियारपुर में बनने वाले पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के नए परिसर की कुल परियोजना लागत 219.21 करोड़ रुपये तय की गई है। सरकार इससे पहले भी कई चरणों में राशि जारी कर चुकी है। वर्ष 2023-24 में 2.48 करोड़ रुपये दिए गए थे। इसके बाद जुलाई 2024 में 25 करोड़ रुपये और मई 2025 में फिर 25 करोड़ रुपये जारी किए गए। अब 40 करोड़ रुपये की नई मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य और तेजी से आगे बढ़ने की संभावना है।

प्रोजेक्ट का काम किस सौंपा गया

इस पूरे प्रोजेक्ट का काम बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड के जरिए कराया जाएगा। उच्च शिक्षा विभाग ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और पैसे के सही इस्तेमाल को लेकर भी सख्त निर्देश दिए हैं।सरकार ने कहा है कि खर्च की गई राशि का पूरा हिसाब और उपयोगिता प्रमाण पत्र निगम को उच्च शिक्षा निदेशक को देना होगा। इसके बाद यह रिपोर्ट महालेखाकार कार्यालय को भेजी जाएगी। साथ ही साफ निर्देश दिया गया है कि स्वीकृत राशि का उपयोग किसी दूसरे काम में नहीं किया जा सकेगा।

पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलपति का बयान

पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर उपेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि नए परिसर के निर्माण से विश्वविद्यालय में पढ़ाई और दूसरी शैक्षणिक गतिविधियों का विस्तार होगा। छात्रों को बेहतर माहौल, आधुनिक भवन और नई सुविधाएं मिलेंगी। सरकार का मानना है कि नए कैंपस के बनने से छात्रों को बेहतर क्लासरूम, प्रशासनिक भवन, लाइब्रेरी और दूसरी आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे आने वाले समय में पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय बिहार के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में अपनी और मजबूत पहचान बना सकेगा।