कुशल युवा कार्यक्रम पर अफवाहों का खंडन: ड्रोन, सोलर और IT ट्रेनिंग से युवाओं को मिलेगा रोजगार

बिहार सरकार ने 'कुशल युवा कार्यक्रम' को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है। अब युवाओं को सोलर, ड्रोन तकनीक, IT और बैंकिंग जैसे मॉडर्न सेक्टर्स में ट्रेनिंग सरकारी ITI और कॉलेजों के जरिए मिलेगी। जानिए इस पूरी योजना का विश्लेषण।

, Bihar Skilled Youth Scheme
कुशल युवा कार्यक्रम पर अफवाहों का खंडन- फोटो : news 4 nation AI

बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग ने 'कुशल युवा कार्यक्रम' को लेकर जारी भ्रामक जानकारियों का खंडन किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि कुछ केंद्र संचालकों द्वारा भ्रम फैलाया जा रहा है, जो बिल्कुल निराधार है। यह कार्यक्रम राज्य के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI), प्रखंड कौशल विकास केंद्रों, प्रखंड स्तरीय राजकीय महाविद्यालयों तथा सरकार के अन्य उपलब्ध संसाधनों के अवसंरचनात्मक ढांचे (Infrastructure) के माध्यम से सुचारू रूप से संचालित किया जाएगा।


उद्योगों की मांग के अनुरूप आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बिहार के युवाओं को बाजार की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुसार तैयार करना है। इसके तहत उच्चस्तरीय और आधुनिक तकनीक वाले क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिनकी बाजार में भारी मांग है। इनमें सोलर, ड्रोन तकनीक, नेटवर्किंग, होम नर्सिंग, मल्टी स्किल्ड वर्कर, लैब तकनीशियन, इमरजेंसी मेडिकल तकनीशियन (EMT), ब्यूटी एवं वेलनेस, बेकरी, आईटी, डिजिटल मार्केटिंग, बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं, टैली, विदेशी भाषाएं और उद्यमिता जैसे कई महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल हैं।


पुराने केंद्र संचालकों को प्राथमिकता 

विभाग ने योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और अनुभव को महत्व देते हुए पात्रता प्रक्रिया तय की है। इसके तहत, पूर्व में नवीनीकरण योग्य (Renewal worthy) पाए गए कौशल विकास केंद्रों के संचालकों या एजेंसियों को चयन प्रक्रिया में प्राथमिकता दी जाएगी। इससे पहले से कार्यरत योग्य संचालकों को फिर से अवसर मिलेगा और कार्यक्रम का संचालन बेहतर तरीके से हो सकेगा।


युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर 

इस महत्वाकांक्षी योजना के लागू होने से राज्य के युवाओं को सीधे तौर पर कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। यह न केवल युवाओं को नौकरी पाने के योग्य बनाएगा, बल्कि उन्हें स्वयं उद्यमी (Entrepreneur) बनने में भी मदद करेगा। इससे बिहार के युवा खुद आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करने में सक्षम सिद्ध होंगे।

पटना से पुष्कर प्रवीण की रिपोर्ट