बिहार महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने दिया इस्तीफा, पार्टी में मचा हड़कंप, शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ कई नेताओं ने खोला मोर्चा
बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मात्र 5 सीटों पर सफलता मिली है. इस बीच कई नेता पार्टी नेतृत्व पर सवाल उठा रहे हैं.
Congress : बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली करारी हार के बाद बिहार महिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ सरवत जहाँ फातमा ने शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को संबोधित करते हुए भेजा है।
अपने भावनात्मक पत्र में उन्होंने कहा कि वे “भारी मन लेकिन दृढ़ संकल्प” के साथ पद छोड़ रही हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि हाल ही में संपन्न बिहार विधानसभा चुनाव में महिलाओं को मात्र 4% प्रतिनिधित्व दिया गया, जो उनके लिए अत्यंत निराशाजनक रहा। महिला कांग्रेस की अध्यक्ष होने के नाते उन्होंने खुद को नैतिक रूप से जिम्मेदार बताया। उन्होंने लिखा कि महिला नेतृत्व और राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने का लक्ष्य इस चुनाव में पूरा नहीं हो सका, और यही उनके त्यागपत्र का प्रमुख कारण है।
फातमा ने अपने पत्र में बताया कि पिछले 28 महीनों में बिहार महिला कांग्रेस ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया। बूथ से जिले तक टीमों का गठन, नियमित प्रशिक्षण, घर-घर संपर्क अभियान और स्थानीय मुद्दों पर सक्रिय हस्तक्षेप जैसे प्रयासों से उन्होंने व्यापक विस्तार का दावा किया।
उन्होंने पार्टी के इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि स्व. इंदिरा गांधी, स्व. राजीव गांधी और श्रीमती सोनिया गांधी ने महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए ऐतिहासिक योगदान दिया है, और महिला कांग्रेस उसी विरासत को आगे बढ़ाने का प्रयास करती रही है। त्यागपत्र में उन्होंने यह भी व्यक्त किया कि वे आगे भी संगठन और पार्टी के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहेंगी।
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मात्र 5 सीटों पर सफलता मिली है. वर्ष 2020 में कांग्रेस के 19 विधायक चुनाव जीते थे लेकिन इस बार पार्टी पूरी तरह से विफल रही. कांग्रेस के बिहार प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और विधायक दल के नेता शकील अहमद खान भी अपनी सीट बचाने में नाकाम साबित हुए. अब पार्टी में चुनावी हार के बाद कोहराम मचा है. कई नेता पार्टी नेतृत्व पर सवाल उठा रहे हैं. इस बीच बिहार महिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ सरवत जहाँ फातमा ने इस्तीफा भी दे दिया है.