Bihar Matriculation Exam 2026: सख्त पहरे में बिहार मैट्रिक की आज से शुरु होगी परीक्षा, जूते-मोजे पर पाबंदी, लेट हुए तो दो साल के लिए बैन!
Bihar Matriculation Exam 2026: पूरे सूबे में 1699 परीक्षा केंद्रों पर 15.12 लाख परीक्षार्थी अपने भविष्य की सबसे अहम जंग लड़ेंगे।
Bihar Matriculation Exam 2026: बिहार में आज से मैट्रिक वार्षिक परीक्षा का आगाज़ हो गया है। पूरे सूबे में 1699 परीक्षा केंद्रों पर 15.12 लाख परीक्षार्थी अपने भविष्य की सबसे अहम जंग लड़ेंगे। दिलचस्प बात यह है कि इस बार छात्राओं की तादाद छात्रों से ज्यादा है, जो तालीम के मैदान में बेटियों की बढ़ती हिस्सेदारी का पैगाम दे रही है।
पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से शुरू होगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से आयोजित की जाएगी। पहले दिन दोनों पालियों में मातृभाषा हिंदी, बंगला, उर्दू और मैथिली की परीक्षा होगी। यह सिलसिला 25 फरवरी तक जारी रहेगा।
इम्तिहान को लेकर हुकूमत और प्रशासन ने सख्त इंतज़ामात किए हैं। सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटा पहले सेंटर पर पहुंचना अनिवार्य किया गया है। परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले मुख्य गेट बंद कर दिया जाएगा। अगर कोई छात्र तय वक्त के बाद जबरन दाख़िल होने की कोशिश करता है तो उसे दो साल तक परीक्षा से महरूम किया जा सकता है, साथ ही कानूनी कार्रवाई भी मुमकिन है।
सुरक्षा के मद्देनज़र जूते और मोजे पहनकर आने पर पाबंदी लगा दी गई है। ड्रेस कोड की खिलाफवर्जी करने वालों को एंट्री में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। हर परीक्षा केंद्र पर CCTV कैमरे और वीडियो रिकॉर्डिंग की व्यवस्था की गई है, ताकि हर हरकत पर नजर रखी जा सके और नकल पर पूरी तरह लगाम कसी जा सके।
पटना में करीब 71 हजार छात्रों के लिए 70 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। यहां 4 मॉडल परीक्षा केंद्र भी स्थापित किए गए हैं, जहां हेल्प डेस्क, बेहतर सजावट, महिला स्टाफ और मजबूत सुरक्षा इंतजाम मौजूद हैं। पूरे राज्य में 152 मॉडल केंद्र बनाए गए हैं।