Bihar co Suspend: अंचल अधिकारी को किया गया तत्काल प्रभाव से निलंबित,3 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए थे CO,सरकार का बड़ा एक्शन
Bihar co Suspend: अंचल अधिकारी अवकाश कुमार रौनियार को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई कथित भ्रष्टाचार के मामले में की गई है।...
Bihar co Suspend: बिहार सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए रोहतास जिले के सासाराम अंचल अधिकारी आकाश कुमार रौनियार को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई निगरानी अन्वेषण ब्यूरो द्वारा रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किए जाने के बाद की गई है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना की प्रेस विज्ञप्ति संख्या 64/2026 के अनुसार, 22 मई 2026 को अंचल अधिकारी आकाश कुमार रौनियार को दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) के एक मामले में 3 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए विशेष धावादल ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना में प्रस्तुत किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुशासनिक प्राधिकार ने बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के प्रावधानों के तहत उन्हें गिरफ्तारी की तिथि 22 मई 2026 से प्रभावी निलंबित करने का निर्णय लिया है।

सरकारी आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान आकाश कुमार रौनियार का मुख्यालय प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय, सारण प्रमंडल, छपरा निर्धारित किया गया है। हिरासत से मुक्त होने के बाद उन्हें वहीं योगदान देना होगा तथा नियमित उपस्थिति दर्ज करानी होगी।निलंबन अवधि में उन्हें नियमों के तहत जीवन निर्वाह भत्ता भी देय होगा।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री ने कहा कि सरकारी व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। यदि कोई अधिकारी अपने पद का दुरुपयोग करता है या भ्रष्टाचार में लिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस कार्रवाई को बिहार सरकार के भ्रष्टाचार विरोधी अभियान की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। हाल के दिनों में राज्य सरकार और निगरानी विभाग लगातार रिश्वतखोरी तथा पद के दुरुपयोग के मामलों में कार्रवाई कर रहे हैं। सासाराम के अंचल अधिकारी पर हुई यह कार्रवाई प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है और इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार के सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
रिपोर्ट- नरोत्तम कुमार सिंह