Bihar News : बिहार एसटीईटी और पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा 2026 की परीक्षा तिथियों में हुआ बदलाव, बिहार बोर्ड ने जारी किया नया शेड्यूल, जानिए
Bihar News : अवकाश के मद्देनजर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (STET), 2026 को अब पुनर्निर्धारित कर दिया गया है.....पढ़िए आगे
PATNA : सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार सरकार की आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार चित्रगुप्त पूजा एवं भाई दूज के अवसर पर दिनांक 11 नवंबर 2026 को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इस अवकाश के मद्देनजर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा इस तिथि को आयोजित होने वाली माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (STET), 2026 को अब पुनर्निर्धारित कर दिया गया है। अब यह एक दिवसीय परीक्षा पूर्व निर्धारित 11 नवंबर के स्थान पर दिनांक 22 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
परीक्षाार्थियों की सुविधा के लिए बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि 11 नवंबर के बदले 22 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली इस पुनर्निर्धारित परीक्षा का संशोधित एडमिट कार्ड (प्रवेश पत्र) आगामी 12 नवंबर 2026 से आधिकारिक वेबसाइट https://stetregistration.cbrt.co.in पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा। सभी संबंधित अभ्यर्थी निर्धारित तिथि से अपना नया प्रवेश पत्र ऑनलाइन प्राप्त कर सकते हैं।
इसके साथ ही, प्रशासनिक एवं अपरिहार्य कारणों के चलते परीक्षा कार्यक्रम में एक और महत्वपूर्ण संशोधन किया गया है। इसके तहत विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा, 2026 जो पहले 22 नवंबर 2026 से शुरू होने वाली थी, वह अब उस तिथि पर न होकर दिनांक 23 नवंबर 2026 से प्रारंभ होगी।
संबंधित सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे नवीनतम अपडेट और एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर निरंतर नजर बनाए रखें ताकि परीक्षा से जुड़ी किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।