बिहार STF को मिली बड़ी सफलता, पटना के कुख्यात वांछित को किया गिरफ्तार, इन मामलों में थी तलाश

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पटना जिले के विभिन्न थानों में संगठित अपराध से जुड़े चार मामले दर्ज हैं। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और हाल की वारदातों के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके।

Bihar STF
Bihar STF - फोटो : news4nation

Bihar News :  राजधानी पटना में लगातार बढ़ रही स्नैचिंग और चोरी की घटनाओं के बीच बिहार एसटीएफ और पटना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में पटना जिले का वांछित अभियुक्त राहुल प्रियदर्शी उर्फ विक्की गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी संगठित अपराधी गिरोह का सक्रिय सदस्य है और उसके खिलाफ पटना के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, 26 जून 2026 को बिहार एसटीएफ की विशेष टीम और पटना जिला पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर कदमकुआं थाना क्षेत्र के फ्रेंड्स कॉलोनी से राहुल प्रियदर्शी उर्फ विक्की को गिरफ्तार किया।


 वह रूपसपुर थाना कांड संख्या 427/26 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305, 331(4) और 111(1) के तहत वांछित था। पुलिस ने बताया कि जून 2026 के दौरान कंकड़बाग और कदमकुआं थाना क्षेत्रों में हथियार के बल पर स्नैचिंग की घटनाओं में लगातार वृद्धि दर्ज की गई थी। इसी दौरान रूपसपुर थाना क्षेत्र स्थित सत्यम वामिका अपार्टमेंट के तीन फ्लैटों में एक ही दिन बड़ी चोरी की वारदात भी हुई थी। घटनास्थलों से जुटाए गए तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस इस निष्कर्ष पर पहुंची कि इन वारदातों के पीछे एक ही संगठित अपराधी गिरोह सक्रिय था। जांच के दौरान राहुल प्रियदर्शी उर्फ विक्की की संलिप्तता सामने आने के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया।


चार मामलों में आरोपी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पटना जिले के विभिन्न थानों में संगठित अपराध से जुड़े चार मामले दर्ज हैं। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और हाल की वारदातों के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके।


अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में सक्रिय संगठित अपराधी गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

अनिल की रिपोर्ट