Bihar Teacher News: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की ओर से आयोजित शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया के तहत टीआरई-3 में चयनित 51,389 विद्यालय शिक्षको को 9 मार्च रविवार को औपबंधिक नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। इनमें से 10,739 शिक्षकों को पटना के गांधी मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हाथों नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होगा। जहां मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी मंत्री लगभग 100 शिक्षकों को व्यक्तिगत रूप से नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।
गांधी मैदान में होगा भव्य आयोजन
सरकारी सूत्रों के अनुसार, पटना, नालंदा, भोजपुर, जहानाबाद, अरवल, सारण, वैशाली और मुजफ्फरपुर जिलों के शिक्षकों को गांधी मैदान में नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। वहीं, शेष 30 जिलों के शिक्षकों को उनके जिला मुख्यालयों में आयोजित समारोहों में नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। इस संबंध में प्राथमिक शिक्षा निदेशक साहिला ने सभी जिलाधिकारियों को पत्र भेज दिया है।
अन्य जिलों में भी समानांतर कार्यक्रम
पटना के मुख्य समारोह के साथ ही अन्य जिलों में भी नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम शुरू होगा। इन जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में संबंधित जिलों के प्रभारी मंत्रियों को आमंत्रित किया गया है। साथ ही शिक्षकों और अधिकारियों को गांधी मैदान के कार्यक्रम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जोड़ा जाएगा।
सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन के कड़े इंतजाम
रविवार को आयोजित इस समारोह को लेकर सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शनिवार देर रात जिलाधिकारी (DM) डॉ. चंद्रशेखर सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अवकाश कुमार ने गांधी मैदान का निरीक्षण किया। सभी प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारियों और जवानों को तय समय पर पहुंचने और भीड़ प्रबंधन के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, ट्रैफिक एसपी को सुगम यातायात सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। लइस ऐतिहासिक नियुक्ति समारोह से बिहार के हजारों शिक्षकों का सपना साकार होगा, जिससे शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।