Bihar Weather: बिहार में मौसम ने ली करवट, ठंड दिखाने लगा अपना असर, नवंबर में पड़ेगी कड़ाके की ठंड, जानिए IMD की चेतावनी

Bihar Weather: बिहार में मौसम ने करवट ले ली है। ठंड अब अपना असर दिखाने लगा है। मौसम विभाग की मानें तो नवंबर में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। लोग धीरे धीरे कंबल निकालना शुरु कर दिए हैं।

ठंड
ठंड का दिखने लगा असर - फोटो : social media

Bihar Weather: बिहार में अब मौसम का रुख बदलने लगा है। राज्यभर में रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। राजधानी पटना से लेकर गया, मुजफ्फरपुर, किशनगंज, पश्चिम चंपारण, कैमूर और जमुई समेत अधिकांश जिलों में सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का एहसास होने लगा है। सुबह-सवेरे शहरों और आसपास के इलाकों में हल्की ठंड और ओस की बूंदें मौसम में बदलाव का संकेत दे रही हैं।

रात के तापमान में लगातार गिरावट

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बीते कुछ दिनों में राज्य के कई जिलों के न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। बुधवार को तापमान में करीब 2.6°C तक की गिरावट देखी गई। तीन जिलों में न्यूनतम तापमान 20°C से नीचे चला गया, जबकि अधिकांश जिलों में यह 20 से 22°C के बीच रिकॉर्ड हुआ। कई स्थानों पर हल्का कोहरा भी दिखाई देने लगा है, जो ठंड की दस्तक का संकेत है।

आने वाले दिनों में और गिरेगा तापमान

मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी। दिन के समय आंशिक बादल और 30 किमी/घंटा तक की हवाएं चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 28 से 32°C, जबकि न्यूनतम तापमान 18 से 22°C के बीच रहने का अनुमान है। बारिश की कोई संभावना नहीं है और धूप में भी अब नरमी महसूस की जा रही है।

नवंबर में पड़ेगी हाड़ कंपाने वाली ठंड 

मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि नवंबर की शुरुआत से ठंड में तेज़ी आएगी और नवंबर के मध्य तक इसका असर पूरे राज्य में दिखने लगेगा। विशेषज्ञों के मुताबिक, इस साल बिहार में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है, वहीं दिसंबर और जनवरी के महीने हाड़ कंपा देने वाले साबित हो सकते हैं।