Bihar Weather: बिहार से अब ठंड की विदाई शुरु हो गई है। मौसम अब धीरे-धीरे बदल रहा है। फरवरी अंत तक बिहार से सर्दी की विदाई पूरी तरह तय मानी जा सकती है क्योंकि राज्य के कई जिलों में गर्मी का अहसास होने लगा है। राजधानी पटना सहित पूरे बिहार में तापमान में वृद्धि देखी जा रही है। जिससे लोगों को ठंड से राहत मिलेगी।
3 से 4 डिग्री बढ़ा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन-चार दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने की संभावना है। साथ ही न्यूनतम तापमान में भी इतनी ही बढ़ोतरी का अनुमान है। हालांकि, आने वाले दो-तीन दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण न्यूनतम तापमान में एक बार फिर गिरावट आ सकती है।
अधिकतम तापमान में वृद्धि
रविवार को राज्य के अधिकतम तापमान में 4.7 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि जबकि न्यूनतम तापमान में 4.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। पटना में अधिकतम तापमान में 1.5 डिग्री की वृद्धि और न्यूनतम तापमान में 0.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई।
बक्सर रहा सबसे गर्म
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में बक्सर जिले में सबसे अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भागलपुर और उसके आसपास के पांच जिलों को छोड़कर अन्य सभी जिलों में तापमान में वृद्धि देखी गई। औरंगाबाद, डेहरी और गया का तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि भागलपुर, बांका, पूर्णिया, किशनगंज और अररिया के फारबिसगंज में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
मैदानी इलाकों में बूंदा-बांदी होने की संभावना
मौसम विभाग की मानें तो 17 फरवरी को नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के पर्वतीय इलाकों में आने की संभावना है। इसके प्रभाव से एक चक्रवातीय परिसंचरण हरियाणा के ऊपर एक्टिव होने की संभावना है। इन दोनों मौसमी सिस्टम के संयुक्त प्रभाव से पर्वतीय क्षेत्रों में मध्यम स्तर की बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बूंदा-बांदी होने की संभावना है। हालांकि बिहार के मौसम में इसका कुछ खास प्रभाव देखने को नहीं मिलेगा।
आज का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज यानी 17 फरवरी की सुबह राज्य के किसी भी हिस्से से कोहरे की कोई सूचना नहीं मिली है। आने वाले कुछ दिनों में भी कोहरे को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। दिन के समय चटक धूप देखने को मिलेगी। जिससे मौसम साफ और सुहावना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में हल्की गति की पछुआ हवा चलने की संभावना है। अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 26 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।