LATEST NEWS

Bihar Weather: बारिश ने बदली बिहार के मौसम की मिजाज, ओले के साथ फिर बरसेंगे बदरा, इन जिलों के लिए अलर्ट जारी

Bihar Weather: अगले कुछ दिनों तक बिहार के मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा, जिससे गर्मी से राहत तो मिलेगी, लेकिन बारिश और तेज हवाओं के चलते सतर्क रहने की भी जरूरत होगी।

बारिश
Rain alert - फोटो : प्रतीकात्मक

Bihar Weather:  बिहार में इन दिनों मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। पिछले दो दिनों से राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो रही है, जबकि कुछ जिलों में ओलावृष्टि भी हुई। इससे मौसम सुहावना हो गया है, ठंडी हवाएं चल रही हैं और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी मौसम का यही रुख बना रहेगा। दिन में धूप के साथ हवाएं चलती रहेंगी, जिससे फिलहाल गर्मी से राहत मिलेगी। 21 से 23 मार्च के बीच बिहार के कई जिलों में वर्षा होने की संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी हरियाणा और उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर 3.1 और 5.8 किमी की ऊंचाई पर एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में बना हुआ है। साथ ही, हरियाणा के ऊपर समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती घेरा सक्रिय है। वहीं, पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश से विदर्भ तक ट्रफ रेखा अब उत्तर छत्तीसगढ़ से विदर्भ तक समुद्र तल से 0.9 किमी की ऊंचाई पर बनी हुई है। इसके प्रभाव से बिहार का मौसम आगामी दो से तीन दिनों तक शुष्क बना रहेगा। अगले दो दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में 1-3°C की गिरावट आ सकती है, इसके बाद अगले तीन दिनों तक तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है।

18 मार्च का मौसम पूर्वानुमान

आज यानी 18 मार्च को बिहार का मौसम शुष्क बना रहेगा। अगले 24 घंटों में बांका, मुंगेर, भागलपुर, शेखपुरा, खगड़िया और बेगूसराय जिलों में अधिकतम तापमान 34-38°C (सामान्य से अधिक) रहने की संभावना है, जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में तापमान 32-34°C के बीच बना रहेगा। इसके अलावा, बिहार के अधिकतर इलाकों में मध्यम से तेज गति की पछुआ हवा चल सकती है।

इन जिलों में होगी बारिश

एक नया, हालांकि कमजोर, पश्चिमी विक्षोभ 19 मार्च से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है, जिससे बिहार के कुछ जिलों में बारिश होने की संभावना है।

21 मार्च: सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, पटना, गया, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया में बारिश संभव।

22 मार्च: बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल, पटना, गया, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया में बारिश की संभावना।

23 मार्च: भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में बारिश के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की आशंका।

बीते दिन के आंकड़े

सोमवार को पटना सहित कई शहरों में आंशिक बादल छाए रहे। वहीं, डोभी, औरंगाबाद, इमामगंज, भागलपुर, गया, पूर्णिया, डेहरी, गोपालगंज और मोतिहारी में हल्की बारिश दर्ज की गई। हालांकि, प्रदेश के अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली। बक्सर 37.3°C के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा।

Editor's Picks