Bihar Weather: बिहार में मौसम का कहर, आज इन जिलों के लिए आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी, जानें IMD की चेतावनी

Bihar Weather: बिहार में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। आज मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए आंधी, बारिश के साथ ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

बारिश
imd Orange alert for storm rain and hailstorm- फोटो : प्रतीकात्मक

Bihar Weather:  बिहार में बीते दो-तीन दिनों से मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। राज्यभर में तेज आंधी और वज्रपात के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने शनिवार को भी कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पूर्वी बिहार में ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है, जिससे किसानों को नुकसान हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को भी बिहार के अधिकांश हिस्सों में आंधी, बारिश और मेघगर्जन की संभावना है। कुछ जगहों पर ठनका गिरने का खतरा भी मंडरा रहा है।

इन जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने भागलपुर, खगड़िया, मुंगेर, बांका और जमुई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। वहीं, राज्य के शेष जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। बीते 24 घंटों में बिहार के 13 जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई। आज दिन का तापमान 28°C से 32°C के बीच तो रात का तापमान 18°C से 20°C के बीच रहने का अनुमान है।

24 घंटे में 13 जिलों में बारिश

सबसे अधिक बारिश नवादा में 4.1 मिमी हुई, जबकि गया में 3.0 मिमी, जहानाबाद में 2.5 मिमी, जमुई में 2.1 मिमी और औरंगाबाद में 2.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। पटना, रोहतास, भोजपुर, बक्सर और नालंदा में भी हल्की बारिश दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों में बिहार के तापमान में 8.2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे मौसम सुहावना हो गया। हालांकि, रात में बादल छाए रहने के कारण न्यूनतम तापमान में 3.6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई। सबसे गर्म शहर गोपालगंज (36.6°C) रहा। वहीं सबसे ठंडा शहर सहरसा का अगवानपुर (14.5°C) रहा। 


NIHER

मौसम वैज्ञानिक की राय

मौसम वैज्ञानिक की मानें तो, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य में बारिश और ओलावृष्टि हो रही है। मध्य प्रदेश के मध्य भागों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर तक बना हुआ है। इसका असर बिहार के मौसम पर भी पड़ रहा है। हालांकि, वैज्ञानिकों का कहना है कि इस खराब मौसम में रविवार से सुधार होने की संभावना है।

Nsmch
Editor's Picks