Bihar Weather: पटना में आज बदलेगा मौसम का मिजाज, 13 जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी, जानिए अपने शहर का हाल

Bihar Weather: बिहार में मानसून की रफ्तार थम गया है। सभी जिलों में भीषण गर्मी का अहसास हो रहा है। इसी बीच मौसम विभाग ने आज 13 जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं पटना में भी बारिश की संभावनाएं जताई जा रही है।

बारिश
13 जिलों में बारिश का अलर्ट - फोटो : social media

Bihar Weather:  बिहार में फिर मानसून ही रफ्तार कम है। लेकिन मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार को राज्य के 13 जिलों के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। बाकी जिलों में मौसम सामान्य रहेगा, हालांकि उमस लोगों को परेशान करेगी। इसी के साथ अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि यह स्थिति अक्टूबर के मध्य तक बनी रह सकती है। गुरुवार को पूरे प्रदेश में आसमान बादलों से घिरा रहा, हालांकि जहानाबाद को छोड़कर कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। धूप निकलने के कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई। वहीं, आज पटना, गया समेत दक्षिण बिहार के सभी 19 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। उत्तरी बिहार में मौसम सामान्य बने रहने का पूर्वानुमान है।

दो दिन तक तेज बारिश और आंधी की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक, यलो अलर्ट वाले जिलों में अगले दो दिनों तक रुक-रुककर तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहेगी और कई इलाकों में बिजली चमकने की भी आशंका है। बीते 24 घंटे में जमुई में बारिश दर्ज की गई, जबकि पटना में तेज धूप निकली। दोपहर बाद हल्के बादल जरूर छाए, लेकिन बारिश नहीं हुई। सुपौल और नालंदा में भी धूप खिली रही। जिससे लोग उमस और गर्मी से बेहाल रहे।

क्यों बदल रहा है मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर एरिया का असर बिहार के मौसम पर पड़ रहा है। इसके कारण कई जिलों में बारिश की स्थिति बनी हुई है। विभाग का अनुमान है कि अगले 24 से 48 घंटों तक यह स्थिति जारी रहेगी। यहां तक कि नवरात्रि के दौरान भी कई हिस्सों में रुक-रुककर बारिश हो सकती है।

26 से 28 सितंबर तक चलेगी तेज हवा

मौसम विभाग के अनुसार 26 से 28 सितंबर के बीच राज्य के अधिकांश इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। उत्तरी बिहार में बहुत हल्की बारिश के आसार हैं, जबकि सीवान, बक्सर, औरंगाबाद, गया, नवादा, नालंदा, पटना, मुजफ्फरपुर, लखीसराय और मुंगेर जिलों में मध्यम स्तर तक (65 मिमी तक) वर्षा दर्ज हो सकती है। इस दौरान उमस की स्थिति भी बनी रहेगी।

सितंबर के बाकी दिनों में मौसम का हाल

आईएमडी का कहना है कि 1 अक्टूबर तक प्रदेश में भारी या व्यापक बारिश की संभावना बेहद कम है। दक्षिण बिहार के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि अधिकांश जिलों में सिर्फ हल्की वर्षा की संभावना है। इस साल अब तक राज्य में 29% कम बारिश हुई है। तुलना करें तो 2024 में यह कमी 19% और 2023 में 23% थी। वहीं, अगले दो दिनों के दौरान गुजरात, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की परिस्थितियां अनुकूल बताई गई हैं।